Home News Business Offers Classified Jobs About Contact

गुप्ता समाज ने मृत्यु भोज प्रथा बंद करने की पहल

गुप्ता समाज ने मृत्यु भोज प्रथा बंद करने की पहल
छिंदवाड़ा
11-Mar-26
होली मिलन समारोह में समाज के वरिष्ठों ने लिया निर्णय

छिंदवाड़ा

गुप्ता समाज ने आर्थिक रूप से कमजोर लोगों के ऊपर लगभग बोझ बन चुकी मृत्युभोज की प्रथा को चरणबद्ध तरीके से बंद करने का निर्णय लिया है जिसका समाज के लोगों ने स्वागत किया है। यह पहल होली मिलन समारोह में उपस्थित सामाजिक लोगों की उपस्थिति में समाज के वरिष्ठ नागरिक और मातृशक्तियों की सहमति से लिया गया। अब मृत्यु भोज के कार्यक्रमों में पगड़ी रस्म को भी सीमित किया जा रहा है साथ ही पगड़ी की जगह लिफाफा में सहयोग राशि की भेंट की देने की अपील सामाजिक लोगों ने की है।

समाज के सदस्य मनोज गुप्ता व मनीष गुप्ता ने जानकारी देते हुए बताया कि  नगर  एवं जिले के सामाजिक लोगों का सामाजिक होली मिलन समारोह का कार्यक्रम जिले में पहली बार आयोजित किया गया जिसमें समाज के सभी उपस्थित पुरुष एवं मातृशक्ति की सहमति से निर्णय लिया की मृत्यु भोज को चरणबद्ध तरीके से बंद किया जाए। उन्होंने कहा कि सनातन और हिंदू धर्म के परंपरा के अनुसार जो कार्यक्रम होते हैं जैसे तीसरा, दसवां, 11वां 12 एवं तेरहवीं का कार्यक्रम इसमें ब्राह्मण भोज एवं जो बाहर से रिश्तेदार आए हैं केवल उनके ही भोजन की व्यवस्था की जानी चाहिए। पगड़ी रस्म के कार्यक्रम में एकमात्र पगड़ी ससुराल की एवं समाज की ओर से पांच पगड़ी की जाएगी साथ ही मंदिर विधि का कार्यक्रम होगा। उसके अलावा कोई भी अलग से पगड़ी नहीं करेगा जिसकी श्रद्धा हो वह शोक संतृप्त परिवार में श्रद्धांजलि अर्पित करें एवं मंदिर विधि का कार्यक्रम करें। 

उन्होंने कहा कि जिसकी ज्यादा ही श्रद्धा है तो पगड़ी या टॉवल की जगह लिफाफे में सहयोग राशि दे सकते हैं। दुर्घटना अथवा गंभीर बीमारी में मृत्यु से परिवार पर आर्थिक बोझ पहले से ही हो जाता है ऐसे में इस तरह की परंपराएं समाज के लोगों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ डालती है। इस तरह की परंपराओं को अन्य समाजों में भी यह बंद किया जा चुका है इसलिए गुप्ता समाज ने भी इस ओर पहल कर दी है। भविष्य में जब भी आवश्यकता होगी समयानुसार समाज में परिवर्तन की पहल की जाएगी ताकि समाज के लोगों का आर्थिक, सामाजिक और शैक्षणिक स्तर को और सुदृढ़ बनाया जा सके।
Share News On