10वीं और 12 वीं के परीक्षा परिणामों में बेटियों ने मारी बाजी
छिंदवाड़ा
15-Apr-26
प्रमुख विशेषताएं
कक्षा दसवीं में सौंसर की निकिता और कक्षा 12वीं में छिंदवाड़ा की दीपाली प्रदेश में तीसरे नंबर पर
प्रदेश की टॉप 10 लिस्ट में सबसे ज्यादा छिंदवाड़ा उत्कृष्ट विद्यालय के विद्यार्थी
छिंदवाड़ा
माध्यमिक शिक्षा मंडल द्वारा कक्षा दसवीं और बारहवीं के परीक्षा परिणाम घोषित कर दिए गए हैं जिसमें पांढुर्णा जिले की संदीपनी बालक उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सौसर की निकिता फरकासे ने 500 में से 497 अंक प्राप्त कर प्रदेश में तीसरा स्थान प्राप्त किया है। इसी प्रकार छिंदवाड़ा उत्कृष्ट विद्यालय की अक्षरा ओकटे ने 495 अंक प्राप्त कर प्रदेश में पांचवा, संदीपनी बालक उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सौसर के मोहित मुलमुदे ने 494 अंक प्राप्त कर प्रदेश में छटवा, ग्रीनवुड पब्लिक स्कूल चाँद की प्रज्ञा माहोरे ने 493, संदीपनी विद्यालय पांढुरना के हर्ष विरवरे ने 493, उत्कृष्ट विद्यालय छिंदवाड़ा के अभिषेक बोबडे ने 493 अंक प्राप्त कर प्रदेश में सातवां स्थान प्राप्त किया है। लिटिल स्टेट स्कूल बोरगांव के छात्र आदर्श मानेराव ने 492 , उत्कर्ष विद्यालय छिंदवाड़ा के गार्गी पराडकर ने 492 अंक प्राप्त कर प्रदेश में आठवां स्थान प्राप्त किया है। वही सरस्वती शिशु मंदिर पांढुरना तिगांव के निशांत वानखेडे, शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सांवरी बाजार के तन्मय सिरके, ग्रीन हुड पब्लिक स्कूल चौरई के पार्थ साहू और उत्कृष्ट विद्यालय छिंदवाड़ा की सानिया सूर्यवंशी ने 490 अंक प्राप्त कर प्रदेश में दसवा स्थान प्राप्त किया है। प्रदेश की टॉप 10 लिस्ट में सबसे ज्यादा कक्षा दसवीं के छिंदवाड़ा उत्कृष्ट विद्यालय के विद्यार्थी टॉप में आए हैं।
कक्षा 12वीं में उत्कृष्ट विद्यालय की दीपाली सोनी का प्रदेश में लगा तीसरा स्थान
कक्षा 12वीं कॉमर्स संकाय में उत्कृष्ट विद्यालय की दीपाली सोनी ने 500 में से 488 अंक प्राप्त कर प्रदेश में तीसरा स्थान प्राप्त किया है। गणित संकाय में सनरेज पब्लिक स्कूल छिंदवाड़ा की प्रेरणा रघुवंशी ने 487 अंक प्राप्त कर प्रदेश में छटवा, न्यू सनफ्लावर पांढुरना की मेघा बिगने ने 483 अंक और संस्कार सृजन उच्चतर माध्यमिक विद्यालय उमरानाला की पायल कड़वे ने 483 अंक प्राप्त कर प्रदेश में दसवां स्थान प्राप्त किया है। वही गृह विज्ञान में कुमकुम अहिरवार ने 478 अंक प्राप्त कर प्रदेश में तीसरा स्थान प्राप्त किया है।
हनोतिया की जुड़वा बहनों ने भी बनाया रिकार्ड

शासकीय एकीकृत उच्चतर माध्यमिक विद्यालय हनोतिया की कक्षा दसवीं की दो छात्राएं कुमारी सुनैना पहाड़ेकर एवं सुप्रिया या पहाड़ेकर दोनों सगी बहन जुड़वा है इन्होंने क्रमशः 98 और 97ः लाकर शाला और नगर का गौरव बढ़ाया है
मुजावरमाल की अमीना भावरकर को मिले 90.8 प्रतिशत

शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, मुजावर माल की छात्रा अमीना भारवकर ने माध्यमिक शिक्षा मण्डल भोपाल द्वारा आयोजित कक्षा 12 वीं की परीक्षा में 90.8 प्रतिशत अंक प्राप्त कर विद्यालय में प्रथम स्थान प्राप्त किया है तथा विद्यालय एवं अपने परिवार का नाम गौरवान्वित किया है। अमीना भरवाकर एक छोटे से गांव माल पिपरिया की निवासी हैं, जहां आज भी 24 घंटे बिजली की सुविधा उपलब्ध नहीं है। इनके पिता ओमकार भावकर एवं माता श्रीमती ममता भावकर जो कि कृषि कार्य करते हैं । अमीना ने सीमित संसाधनों के बावजूद अपनी मेहनत, लगन और दृढ़ संकल्प के बल पर यह उल्लेखनीय सफलता प्राप्त की है। अमीना की इस उपलब्धि पर विद्यालय परिवार, ग्रामवासियों एवं शुभचिंतकों द्वारा उन्हे बधाई दी ।