Home News Helpline Classified Jobs About Contact

वनविभाग का सहायक नाकेदार सरकारी आवास में खिला रहा जुआ

वनविभाग का सहायक नाकेदार सरकारी आवास में खिला रहा जुआ
छिंदवाड़ा
18-Oct-26
शिकायत के बाद भी वन विभाग के जिला अधिकारी नहीं कर रहे कार्रवाई

छिंदवाड़ा अपडेट

सरकारी कर्मचारियों के भ्रष्टाचार के मामले तो बहुत सुन और पढ़ चुके अब कुछ नया पढ़िए। वन विभाग के कर्मचारी अब जंगल में वनों की रक्षा करने के बजाए अपने निवास पर ही जुआ खिला रहे भी है और खुद भी खेल रहे हैं और ऐसा नहीं है कि इस बात की जानकारी विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों को नहीं है। क्षेत्र के जागरूक नागरिकों ने इस बात की शिकायत वन विभाग के जिला अधिकारियों से की है लेकिन उन्होंने कार्रवाई करना उचित नहीं समझा। अब यह बात सोशल मीडिया में वीडियो के माध्यम से उजागर हो गई है जिससे वन विभाग की बदनामी हो रही है।

मामला पश्चिम वनक्षेत्र के हीरावाड़ी का बताया जा रहा है। वन विभाग में सहायक नाकेदार योगेश उईके अपने सरकारी आवास में जुआ फड़ जमाते हैं। अब फड़ जमाते हैं तो स्वाभाविक है नाल भी काटते ही होंगे। इनका सरकारी आवास में जुआ फंड जमाते हुए वीडियो वायरल हो चुका है। वीडियो कब रिकार्ड हुआ इसकी जानकारी तो नहीं मिल पाई लेकिन वायरल वीडियो में सहायक नाकेदार वन विभाग द्वारा कार्यस्थल पर रहने के लिए बनाए गए सरकारी आवास में दो-चार लोगों के साथ जुआं खेलते हुए दिखाई दे रहे हैं। निवास के बाहर एक व्यक्ति को चौकीदारी के लिए बैठा रखा है वो भी वीडियो में स्पष्ट दिखाई दे रहा है। मिली जानकारी के अनुसार एक-दो बार स्थानीय पुलिस द्वारा भी यहां छापामार कार्रवाई हुई लेकिन मामला ले-देकर रफा-दफा कर दिया गया।

जिला अधिकारियों को दो बार हो चुकी है शिकायत

जानकारी के अनुसार इस बात की शिकायत जागरूक नागरिकों द्वारा वन विभाग को की गई थी जिस पर विभाग के अधिकारियों ने कोई कार्रवाई नहीं की। शिकायत पर कार्रवाई न होते देख फिर से 22 सितंबर 2026 को शिकायत की गई लेकिन अधिकारियों ने फिर भी डिप्टी रेंजर योगेश उईके पर कोई कार्रवाई नहीं की। डिप्टी रेंजर योगेश उईके को लेकर मुख्य वन परिक्षेत्र अधिकारी को की गई शिकायत में केवल इस बात का ही उल्लेख नहीं किया गया है कि वे अपने सरकारी आवास में जुआ खिलाते हैं बल्कि अन्य गंभीर शिकायतों का भी उल्लेख किया गया है जिसमें निर्धारित कार्यक्षेत्र में नहीं जाने से लेकर क्षेत्र की नदियों से अवैध रेत परिवहन को संरक्षण प्रमुख है।

शिकायत के बावजूद जिला अधिकारियों का मौन क्यों?

बावजूद इसके जिला मुख्यालय से उन पर कार्रवाई न करना संदेह पैदा करता है। क्या वरिष्ठ अधिकारियों के संरक्षण में सहायक नाकेदार योगेश उईके अवैध गतिविधियां कर रहे हैं। बताया जा रहा है मामले में सांवरी रेंज के रेंजर हिंमाशु विश्वकर्मा को भी इस बात की जानकारी है लेकिन वे भी जांच की बात कहकर मामले को टाल रहे हैं। देखना है सरकारी आवास में जुआ खिलाने वाले सहायक नाकेदार पर विभाग क्या सचमुच जांच करता है या फिर जांच का बहाना बनाकर योगेश उईके को बचाने का प्रयास करता है और जांच में योगेश उईके पर लगे आरोप सच साबित होते हैं तो विभाग क्या कार्रवाई करता है जिससे अवैध गतिविधियों में शामिल विभाग के अन्य कर्मचारियों को भी सबक मिले।
Share News On