एफडीडीआई के उद्योग आधारित पाठ्यक्रम रोजगार और सफल करियर के बेहतर अवसर
छिंदवाड़ा
14-Jul-26
एफडीडीआई में नया सत्र का शुभारंभ

छिन्दवाडा
फुटवियर डिजाइन एवं विकास संस्थान (एफडीडीआई) छिन्दवाड़ा में नए शैक्षणिक सत्र 2026-27 का शुभारंभ मंगलवार को उत्साहपूर्ण वातावरण में किया गया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कार्यकारी निदेशक राकेश शर्मा ने नवप्रवेशित विद्यार्थियों का स्वागत किया और उन्हें नए शैक्षणिक सत्र के लिए शुभकामनाएं दीं। उन्होंने विद्यार्थियों को एफडीडीआई के विज़न एवं मिशन से परिचित कराते हुए संस्थान द्वारा प्रदान की जाने वाली गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, कौशल विकास तथा उद्योगोन्मुख प्रशिक्षण की जानकारी दी। उन्होंने विद्यार्थियों से अपने शैक्षणिक जीवन का पूर्ण समर्पण के साथ सदुपयोग करने तथा उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए निरंतर प्रयास करने का आह्वान किया।
मुख्य संकाय एवं केंद्र प्रभारी अरित्रा दास ने कहा कि एफडीडीआई के उद्योग आधारित पाठ्यक्रम विद्यार्थियों को केवल डिग्री ही नहीं, बल्कि रोजगार और सफल करियर के बेहतर अवसर भी उपलब्ध कराते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से संस्थान की शैक्षणिक एवं सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी करने की अपील की।
छात्र एवं परीक्षा विभाग प्रमुख श्री आशीष वानखेड़े ने बताया कि नवप्रवेशित विद्यार्थियों के लिए ओरिएंटेशन कार्यक्रम 14 जुलाई से 17 जुलाई 2026 तक आयोजित किया जाएगा। इस दौरान विद्यार्थियों को संस्थान की शैक्षणिक व्यवस्था, विभिन्न विभागों, नियमों, उपलब्ध सुविधाओं, प्रशिक्षण एवं प्लेसमेंट गतिविधियों सहित आगामी सत्र से जुड़ी विस्तृत जानकारी दी जाएगी। साथ ही विभिन्न सांस्कृतिक एवं सहभागिता आधारित कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने बताया कि ओरिएंटेशन कार्यक्रम का समापन 17 जुलाई 2026 को होगा, जबकि 20 जुलाई 2026 से सभी विद्यार्थियों की नियमित कक्षाएं प्रारंभ होंगी।