ऋण की अवधि एक वर्ष होने से किसानों को बड़ी राहत: शैलेंद्र रघुवंशी
कृषि जगत
27-Jun-26
छिंदवाड़ा
प्रदेश सरकार द्वारा सहकारी बैंकों से लिए गए किसान ऋण की अदायगी की अवधि बढ़ाकर एक वर्ष किए जाने के निर्णय का भाजपा किसान मोर्चा ने स्वागत करते हुए मुख्यमंत्री के प्रति आभार व्यक्त किया है। भाजपा किसान मोर्चा के जिला अध्यक्ष शैलेंद्र रघुवंशी के नेतृत्व में किसान मोर्चा पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने इस निर्णय को किसानों के हित में ऐतिहासिक कदम बताया।
किसान मोर्चा जिला अध्यक्ष शैलेंद्र रघुवंशी ने कहा कि प्रदेश सरकार का यह निर्णय किसानों के कल्याण के प्रति उसकी प्रतिबद्धता का परिचायक है। ऋण चुकाने की अवधि एक वर्ष होने से किसानों को अपनी उपज उचित समय पर बेचने और बिना किसी मानसिक या आर्थिक दबाव के ऋण का भुगतान करने का पर्याप्त अवसर मिलेगा। इससे किसानों के डिफॉल्टर होने की संभावना कम होगी तथा अतिरिक्त ब्याज के बोझ से भी राहत मिलेगी।
उन्होंने कहा कि पहले कम समय सीमा के कारण प्राकृतिक आपदा, फसल खराब होने अथवा मंडियों में उचित मूल्य नहीं मिलने जैसी परिस्थितियों में अनेक किसान समय पर ऋण नहीं चुका पाते थे। अब एक वर्ष की अवधि मिलने से किसानों को आर्थिक संबल मिलेगा और वे अधिक आत्मविश्वास के साथ खेती कर सकेंगे। यह निर्णय जिले सहित पूरे प्रदेश के किसानों की समृद्धि का मार्ग प्रशस्त करेगा।
भाजपा किसान मोर्चा ने मुख्यमंत्री एवं प्रदेश सरकार के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सरकार लगातार किसान हित में निर्णय लेकर कृषि और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सुदृढ़ बनाने का कार्य कर रही है। मोर्चा के पदाधिकारियों, मंडल अध्यक्षों एवं कार्यकर्ताओं ने भी इस निर्णय का स्वागत करते हुए इसे किसानों के लिए बड़ी राहत और कृषि क्षेत्र को मजबूती देने वाला कदम बताया।