ग्रेनेडियर्स रेजिमेंटल सेंटर जबलपुर द्वारा पूर्व सैनिक संपर्क कार्यक्रम आयोजित
छिंदवाड़ा
18-Aug-26
छिन्दवाडा

वर्ष 2026-27 के लिए संचालित आउटरीच कार्यक्रम के अंतर्गत पूर्व सैनिकों, वीर नारियों/विधवाओं एवं उनके आश्रितों के लिए आज जिला सैनिक कल्याण कार्यालय छिंदवाड़ा में संपर्क कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में कर्नल कंचन सिकंदर के निर्देशन में ग्रेनेडियर्स रेजिमेंटल सेंटर जबलपुर से दो प्रतिनिधि उपस्थित थे। इस अवसर पर पूर्व सैनिकों, वीर नारियों/विधवाओं एवं उनके आश्रितों ने स्पर्श, पेंशन, सेवा संबंधी तथा अन्य विभिन्न समस्याओं एवं शिकायतों से अधिकारियों को अवगत कराया।
कार्यक्रम के दौरान प्राप्त सभी समस्याओं एवं शिकायतों को ध्यानपूर्वक सुना गया तथा उनका विधिवत अभिलेखीकरण किया गया। उपस्थित अधिकारियों द्वारा हितग्राहियों को आश्वस्त किया गया कि प्राप्त प्रकरणों को संबंधित एवं सक्षम स्तर पर उठाकर उनके निराकरण के लिये आवश्यक कार्यवाही की जाएगी। कार्यक्रम में पूर्व सैनिक, वीर नारियां/विधवाएं एवं उनके आश्रित उपस्थित थे तथा उन्होंने इस पहल की सराहना की।