देश से टीबी को पूरी तरह खत्म करने में सभी का सहयोग आवश्यक: बंटी विवेक साहू
राजनीति
08-Oct-26
जिला अस्पताल में टीबी मुक्त अभियान कार्यक्रम में शामिल हुए सांसद

छिन्दवाड़ा अपडेट
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का संकल्प है कि देश में टीबी के समूल को नष्ट करना है। प्रधानमंत्री के संकल्प के अनुरूप गांव-गांव में जाकर टीबी रोगियों की जांच एवं इलाज किया जा रहा है, जनता भी जागरूक होकर टीबी की जांच कराए। यह बात सांसद बंटी विवेक साहू ने जिला चिकित्सालय के ऑडिटोरियम हॉल में आयोजित टीबी मुक्त अभियान के कार्यक्रम के अवसर पर कही। इस अवसर पर सांसद बंटी विवेक साहू ने कहा कि अब हर तरह की बीमारियों का इलाज संभव है इसलिए कोई भी बिमारी उसकी जांच और इलाज कराने में संकोच ना करें। चिकित्सा टीम द्वारा गांव-गांव में घर-घर जाकर लोगों की जांच की जा रही है और चिन्हित टीबी के रोगियों का उपचार भी किया जा रहा है। सांसद बंटी विवेक साहू ने टीबी हारेगा, छिंदवाड़ा जीतेगा के संदेश के साथ जिले को टीबी मुक्त बनाने हेतु सामूहिक सहभागिता का आह्वान भी किया। इस अवसर पर कार्यक्रम को भाजपा जिलाध्यक्ष शेषराव यादव ने भी संबोधित किया।
उल्लेखनीय है कि जिला चिकित्सालय के ऑडिटोरियम हॉल में टीबी मुक्त पंचायतों को सम्मान/प्रमाण-पत्र वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में सांसद बंटी विवेक साहू मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। इस अवसर पर सांसद बंटी विवेक साहू एवं भाजपा जिला अध्यक्ष शेषराव यादव के द्वारा टीबी उन्मूलन की दिशा में उत्कृष्ट कार्य करने वाली 43 टीबी मुक्त पंचायतों को प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए। कार्यक्रम के दौरान टीबी के लक्षणों की शीघ्र पहचान, जांच एवं पूर्ण उपचार के महत्व पर भी प्रकाश डाला गया। कार्यक्रम का मंच संचालन मीडिया अधिकारी डॉ. प्रमोद वासनिक के द्वारा किया गया था।
जिला चिकित्सालय के ऑडिटोरियम हॉल में आयोजित कार्यक्रम के दौरान स्वास्थ्य विभाग से मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अर्चना कैथवास, सिविल सर्जन डॉ. कंचन दुबे, सांसद प्रतिनिधि अलकेश लांबा, पप्पू ठाकुर, भाजपा के वरिष्ठ नेता चंद्रकुमार चंदु जैन, रिजवान कुरैशी, राजु नरोटे, शंशाक चंदेल, धर्मेन्द मिगलानी, संजय सक्सेना, जिला चिकित्सालय के सभी चिकित्सक अधिकारी, नर्सिंग स्टाफ, ग्राम पंचायतों के सरपंचगण, कर्मचारियों सहित भाजपा के अन्य पदाधिकारी, कार्यकर्ता आदि उपस्थित थे।