Home News Business Offers Classified Jobs About Contact

खाद वितरण की व्यवस्था भी नहीं बना पाई भाजपा की सरकार: ओक्टे

खाद वितरण की व्यवस्था भी नहीं बना पाई भाजपा की सरकार: ओक्टे
छिंदवाड़ा
21-Jul-25
अमरवाड़ा ब्लॉक मुख्यालय पर भारी अव्यवस्थाओं का रहा आलम

छिन्दवाड़ा

विगत माह से लगातार जिलेभर में यूरिया खाद के लिए मची हाहाकार व किसानों की परेशानियों को दृष्टिगत रखते हुए मप्र के पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ एवं जिले के पूर्व सांसद नकुलनाथ के अथक व सतत प्रयासों से छिन्दवाड़ा जिले के लिए यूरिया की खाद पहुंची तो भाजपा की सरकार उसे बंटवाने के लिए भी सुव्यवस्थित इंतजाम नहीं करवा पाई। अमरवाड़ा ब्लॉक मुख्यालय पर खाद लेने पहुंचे किसानों को भारी अव्यवस्थाओं का सामना करना पड़ा, यह सरकार और सरकारी तंत्र की सबसे बड़ी नाकामी है। उक्त उदगार जिला कांग्रेस अध्यक्ष विश्वनाथ ओकटे ने खाद वितरण में बरती जा रही लापरवाही पर व्यक्त किए।


श्री ओकटे ने जारी प्रेस विज्ञप्ति में कहा कि अमरवाड़ा ब्लॉक अध्यक्ष चम्पालाल कुर्चे खाद वितरण केन्द्र पर लगातार निगरानी कर रहे हैं, उन्होंने जानकारी दी कि अमरवाड़ा में स्थानीय प्रशासनिक अधिकारियों के द्वारा यूरिया खाद का वितरण सोमवार को किया जाएगा, इस तरह की एक मुनादी रविवार को गांव-गांव में करवाई जिसके उपरांत प्रातः काल से ही किसान खाद के लेने के लिए वितरण केन्द्र के सामने पहुंच गए। चंद घण्टों में ही यहां हजारों की संख्या में अन्नदाता के जमा होते ही बुरी तरह अव्यवस्था फैल गई। धक्का-मुक्की और हंगामें की स्थिति भी निर्मित हुई। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस बल ने मोर्चा संभाला। पूर्व से वितरण केन्द्र पर व्यवस्था नहीं होना सीधे तौर पर सरकारी तंत्र की लापरवाही है। व्यवस्था बनाने का कार्य जिला प्रशासन का है जिसमें वह पूरी तरह विफल रहा। प्रशासनिक गफलत के चलते अन्नदाता सुबह से देर शाम तक भूखे, प्यासे परेशान हुआ। जिसके उपरांत जिला कांग्रेस अध्यक्ष ने अमरवाड़ा एसडीएम सहित अन्य अधिकारियों से चर्चा की साथ ही सुचारू खाद वितरण हेतु व्यवस्था बनाने की बात कही।

जिला कांग्रेस अध्यक्ष पहुंचे खाद वितरण केन्द्र

जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष विश्वनाथ ओकटे ने उमरानाला खाद वितरण केन्द्र का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। किसानों को सुचारू रूप से खाद मिले इसके लिए मोहखेड़ ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारी व कार्यकर्तागण बड़ी संख्या वहां उपस्थित रहे। इस दौरान श्री ओकटे ने उपस्थित किसानों से चर्चा की तो सामने आया कि केवल 300 किसानों को ही पर्ची दी गई है। दोपहर 3 बजे तक 246 किसानों को दो-दो बोरी खाद दी जा चुकी थी, जबकि वितरण केन्द्र पर बड़ी संख्या में किसान खाद के लिए उपस्थित थे। इस दौरान ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष रघुवीर मोहने, विजय गावंडे, किशोर डोंगरे, पप्पू शर्मा, मनोज कड़वे, बंटी फटिंग सहित अन्य उपस्थित रहे।
Share News On