Home News Business Offers Classified Jobs About Contact

जिले को लगातार मिल रही यूरिया रैक, किसानों को मिलेगी पर्याप्त मात्रा में खाद

जिले को लगातार मिल रही यूरिया रैक, किसानों को मिलेगी पर्याप्त मात्रा में खाद
छिंदवाड़ा
28-Jul-25
कलेक्टर श्री सिंह के निर्देशानुसार जिले में हो रही यूरिया आपूर्ति पर विशेष निगरानी

छिन्दवाडा 

कलेक्टर शीलेन्‍द्र सिंह के निर्देशानुसार जिले में यूरिया की उपलब्धता एवं वितरण की सतत निगरानी की जा रही है। इसी क्रम में आज 28 जुलाई को चंबल कंपनी की 1700 मीट्रिक टन क्षमता वाली रैक जिले को प्राप्त हुई। इसके पूर्व 26 एवं 27 जुलाई को प्राप्त रैकों को मिलाकर कुल 3566 मीट्रिक टन यूरिया बीते दो दिनों में जिले में आ चुका है।


इसके अतिरिक्त ब्रह्मपुत्र, आई.पी.एल. तथा एच.यू.आर.एल कंपनियों की तीन रैक छिंदवाड़ा जिले के लिए प्रेषित की जा चुकी हैं, जो आगामी 30 एवं 31 जुलाई को जिले को प्राप्त होंगी। इन रैकों से लगभग 5500 मीट्रिक टन यूरिया और जिले को मिलेगा। इस प्रकार अगले चार दिनों में जिले को कुल मिलाकर लगभग 10 हजार मीट्रिक टन यूरिया उपलब्ध हो जाएगा।

उप संचालक किसान कल्याण तथा कृषि विकास द्वारा जानकारी दी गई कि कलेक्टर श्री सिंह के निर्देशानुसार परिवहनकर्ता एवं संबंधित कंपनियों को तय कार्यक्रम के अनुसार शीघ्र आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही समस्त निजी विक्रेताओं को निर्देशित किया गया है कि यूरिया का वितरण केवल कृषि विस्तार अधिकारियों की उपस्थिति में ही करें।

प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यदि कोई विक्रेता निर्धारित दर से अधिक मूल्य पर यूरिया बेचता है अथवा यूरिया के साथ अन्य उर्वरकों की टेगिंग करता पाया जाता है, तो उसके विरुद्ध तत्काल सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

किसानों से अपील की गई है कि वे संयम बनाए रखें तथा आवश्यकता के अनुसार ही उर्वरक का उठाव करें, क्योंकि जिले को लगातार यूरिया की रैक प्राप्त हो रही हैं और पर्याप्त मात्रा में खाद उपलब्ध कराई जा रही है।
Share News On