Home News Business Offers Classified Jobs About Contact

त्यौहारों के समय स्कूलों में बच्चों की उपस्थिति कम होने पर जताई नाराजगी

त्यौहारों के समय स्कूलों में बच्चों की उपस्थिति कम होने पर जताई नाराजगी
छिंदवाड़ा
08-Sep-25
टीएल बैठक में कलेक्टर ने ली अधिकारियों की क्लास

छिंदवाड़ा

कलेक्टर शीलेन्द्र सिंह ने आज कलेक्टर कार्यालय के सभाकक्ष में आयोजित टीएल बैठक में समय सीमा के लंबित प्रकरणों की समीक्षा की। उन्होंने बैठक में सीएम हेल्पलाइन, सीएम कार्यालय, सीएम हाउस, विभिन्न आयोगों, वरिष्ठ कार्यालयों एवं न्यायालयों से जुड़े लंबित प्रकरणों की भी समीक्षा की। साथ ही विभिन्न समसामयिक एवं अंतर्विभागीय मुद्दों पर भी चर्चा की और महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश दिए।

त्यौहारों के समय स्कूलों में बच्चों की उपस्थिति कम होने पर जताई नाराजगी

स्कूल निरीक्षण की समीक्षा के दौरान अधिकारियों ने बताया कि त्यौहारों के समय सरकारी स्कूलों में बच्चों की उपस्थिति कम पाई जा रही है। इस पर कलेक्टर श्री सिंह ने नाराजगी जताई और कहा कि निजी विद्यालयों में त्यौहार के पहले बच्चों की उपस्थिति प्रभावित नहीं होती, फिर शासकीय स्कूलों में यह स्थिति क्यों होती है? उन्होंने अधिकारियों को विशेष मॉनिटरिंग के निर्देश दिए। निरीक्षण दिवस पर यदि विद्यार्थियों की उपस्थिति निराशाजनक मिले, तो अधिकारियों के प्रतिवेदन के आधार पर जिला शिक्षा अधिकारी और डीपीसी शिक्षकों का उस दिन का वेतन काटें। उन्होंने यह भी कहा कि ऐसे अतिथि शिक्षकों को तत्काल हटाया जाए जो अपने कर्तव्यों का भलीभांति निर्वहन नहीं कर रहे हैं और स्कूल में निरीक्षण के दौरान अनुपस्थित पाए जा रहे हैं, उनकी जगह प्रतीक्षा सूची में शामिल शिक्षकों को अवसर दिया जाए। बैठक में कलेक्टर श्री सिंह ने शासकीय विद्यालयों में स्थापित सोलर पैनलों की स्थिति की जानकारी अधिकारियों से ली। बताया गया कि इन्हें ग्रिड से जोड़ने का कार्य प्रगति पर है। कलेक्टर ने निर्देश दिए कि इस प्रक्रिया को शीघ्र गति देकर लंबित कार्यों को जल्द से जल्द पूर्ण किया जाए।

सीएम कार्यालय व सीपीग्राम से जुड़ी शिकायतों की समीक्षा

कलेक्टर श्री सिंह ने बैठक में सीएम हेल्पलाइन, सीएम कार्यालय, सीएम हाउस एवं सीपीग्राम से संबंधित लंबित शिकायतों की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि तीन दिवस के भीतर प्रतिवेदन प्रस्तुत करें कि उन्होंने स्वयं इन शिकायतों की समीक्षा कर ली है और सभी में संतुष्टिकारक जवाब दर्ज कर दिए गए हैं।

जिले में है उर्वरकों की पर्याप्त उपलब्धता 

कृषि विभाग एवं डीएमओ मार्कफेड से खाद उपलब्धता पर जानकारी लेते हुए कलेक्टर श्री सिंह ने रैकों और समितियों में खाद स्टॉक की स्थिति पूछी। इस दौरान डी.डी.ए. कृषि ने बताया कि जिले में यूरिया ,डीएपी एवं एनपीके की किसी भी प्रकार की कमी नहीं है और पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध है। महाप्रबंधक जिला केंद्रीय सहकारी बैंक ने बताया कि आलू की खेती वाले क्षेत्रों की समितियों में भी पर्याप्त खाद उपलब्ध करा दी गई है।

15 दिन में सहकारी समिति शुरू करने के दिए निर्देश

कलेक्टर श्री सिंह ने उपायुक्त सहकारिता और जीएम डीसीसीबी को निर्देश दिए कि दूरस्थ ग्राम चिलक और सुरलाखापा में सहकारी समितियां 15 दिनों के भीतर चालू कराएं, जिससे ग्रामवासियों की परेशानी दूर हो और उन्हें सुविधा मिल सके।

वॉटर सप्लाई क्वालिटी पर निर्देश

कलेक्टर श्री सिंह ने पी.एच.ई. के दोनों डिवीजन के कार्यपालन यंत्रियों को प्रतिदिन 100-100 नए एफ.एच.टी.सी. कनेक्शन कराने के निर्देश दिए। साथ ही निर्देशित किया कि क्रियाशील हो चुके नल कनेक्शन में वॉटर की क्वालिटी पर भी ध्यान दें और गुणवत्तायुक्त शुद्ध पेयजल की सप्लाई हो सुनिश्चित की जाए।

आईजीओटी पोर्टल पर ‘कर्मयोगी सीखें सप्ताह’ के आयोजन को लेकर दिये निर्देश

कलेक्टर श्री सिंह ने बैठक में कर्मयोगी आईजीओटी लर्निंग वीक (15 सितम्बर से 19 सितम्बर) के आयोजन को लेकर विशेष निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिले के प्रत्येक विभाग यह सुनिश्चित करें कि उनके अधीनस्थ सभी शासकीय एवं संविदा अधिकारी-कर्मचारी आईजीओटी पोर्टल पर कम से कम दो प्रशिक्षण कार्यक्रम इस अवधि में पूर्ण करें और सर्टिफिकेट कलेक्टर कार्यालय में प्रेषित करना सुनिश्चित करें। भारत सरकार के यह प्रशिक्षण प्रोग्राम अधिकारियों - कर्मचारियों को और अधिक दक्षता के साथ कार्य करने में उपयोगी साबित होंगे।

समय सीमा की बैठक में सीईओ जिला पंचायत अग्रिम कुमार, एडीएम धीरेन्द्र सिंह, एसडीएम छिंदवाड़ा सुधीर जैन, सयुंक्त कलेक्टर श्रीमती अंकिता त्रिपाठी व श्रीमती ज्योति ठाकुर, डिप्टी कलेक्टर राहुल कुमार पटेल, पुष्पेन्द्र निगम व आर.के.मेहरा, अतिरिक्त मुख्य कार्य पालन अधिकारी जिला पंचायत पी.राजौदिया, उप संचालक कृषि जितेंद्र कुमार सिंह सहित सभी विभागों के जिला अधिकारी उपस्थित थे। बैठक में अन्य सभी एसडीएम व तहसीलदार सहित सभी खंड स्तरीय अधिकारी वीसी के माध्यम से शामिल हुए।
Share News On