Home News Helpline Classified Jobs About Contact

शिव-पार्वती विवाह और राम जन्मोत्सव पर झूमे श्रद्धालु

शिव-पार्वती विवाह और राम जन्मोत्सव पर झूमे श्रद्धालु
धर्म
28-Sep-26
श्री राम मंदिर छोटी बाजार में संगीतमयी भागवत कथा का तीसरा दिन

छिंदवाड़ा

स्थानीय छोटी बाजार स्थित श्री राम मंदिर में पितृ पक्ष के पावन अवसर पर 26 सितंबर से 2 अक्टूबर तक आयोजित श्रीमद्भागवत कथा के तीसरे दिन श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ पड़ा। कथा व्यास महामंडलेश्वर परम पूज्य नागेंद्र ब्रह्मचारी महाराज के मुखारविंद से प्रस्तुत संगीतमयी कथा में जैसे ही भगवान भोलेनाथ-माता पार्वती के विवाह और भगवान श्री राम के जन्मोत्सव का प्रसंग आया, पूरा पंडाल जयकारों से गुंजायमान हो उठा।

कथा के प्रमुख प्रसंग और संदेश

कथाव्यास महामंडलेश्वर नागेंद्र ब्रह्मचारी जी ने श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए कहा कि जीवन में लोक मर्यादा का पालन करना सर्वाेपरि है। परमात्मा की भक्ति में वह अपार शक्ति है, जिससे प्रसन्न होकर भगवान स्वयं अपने भक्तों के अधीन हो जाते हैं। सुखदेव जी और राजा परीक्षित के संवाद का वर्णन करते हुए महाराज जी ने मंदाकिनी नदी व चित्रकूट धाम की महिमा बताई। उन्होंने बताया कि किस प्रकार माता अनसूया और महर्षि अत्रि के आश्रम में त्रिदेवों (ब्रह्मा, विष्णु, महेश) का आगमन हुआ और वे क्रमशः चंद्रमा, दत्तात्रेय और दुर्वासा के रूप में अवतरित हुए। कथा के दौरान पतित पावनी माता गंगा के पृथ्वी पर अवतरण, गोमती नदी की महिमा और भक्त धु्रवके अचल चरित्र का मर्मस्पर्शी वर्णन प्रस्तुत किया गया। कथा के उपरांत मुख्य यजमानों एवं श्रद्धालुओं द्वारा आरती की गई तत्पश्चात प्रसाद वितरण संपन्न हुआ। आयोजक समिति ने छिंदवाड़ा के समस्त धर्मप्रेमी बंधुओं से अधिक से अधिक संख्या में पधारकर कथा श्रवण का पुण्य लाभ अर्जित करने की अपील की है।
Share News On