Home News Helpline Classified Jobs About Contact

अमरवाड़ा में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने ली भाजपा की सदस्यता

अमरवाड़ा में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने ली भाजपा की सदस्यता
राजनीति
22-Aug-26
कांग्रेस के पदाधिकारी, सरपंच, पंच, जनपद सदस्य एवं वरिष्ठ कार्यकर्ता भाजपा में शामिल

छिंदवाड़ा

अमरवाड़ा विधानसभा क्षेत्र में भारतीय जनता पार्टी को उस समय बड़ी मजबूती मिली, जब विधायक राजा कमलेश शाह के नेतृत्व में कांग्रेस संगठन से जुड़े पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों एवं वरिष्ठ कार्यकर्ताओं सहित कुल 21 लोगों ने भाजपा की सदस्यता ग्रहण की। जिला भाजपा कार्यालय में आयोजित सदस्यता ग्रहण कार्यक्रम में नवागत कार्यकर्ताओं का भाजपा परिवार में आत्मीय स्वागत किया गया। कार्यक्रम में भाजपा जिला संगठन प्रभारी आदित्य बबला शुक्ला, भाजपा जिलाध्यक्ष शेषराव यादव, पूर्व जिला महामंत्री उत्तम ठाकुर, टीकाराम चंद्रवंशी, दीपक नेमा एवं शैलेंद्र पटेल की उपस्थिति में कांग्रेस छोड़कर भाजपा में आए कार्यकर्ताओं को पार्टी की सदस्यता दिलाई गई।

कांग्रेस के बड़े चेहरे भाजपा में आए

भाजपा में शामिल होने वालों में कांग्रेस से जुड़े कई प्रमुख नाम शामिल हैं। इनमें कांग्रेस क्षेत्रीय अध्यक्ष घोगरी जमना प्रसाद परतेती, कांग्रेस जनपद सदस्य साजवा मकर लाल इनवाती, वरिष्ठ कांग्रेस कार्यकर्ता छोटे लाल सलाम, बिज्जू उइके, रामकिशोर इनवाती, कृष्णा उइके एवं जयकुमार यादव सहित अन्य कार्यकर्ता शामिल हैं। इसी क्रम में क्षेत्र के विभिन्न ग्रामों से जुड़े सरपंच एवं पंचों ने भी भाजपा की सदस्यता ग्रहण की। इनमें रामू उइके, रामदास सलाम, राम प्रसाद इनवाती, भूमन लाल धुर्वे, सीताराम धुर्वे, शिवप्रसाद परतेती, दुर्गेश उइके, मकल सिंह उडके, सुनील पंद्राम, अमल चंद उइके एवं रामकुमार सिरसाम सहित अन्य जनप्रतिनिधि शामिल हैं।

भाजपा जिला संगठन प्रभारी आदित्य बबला शुक्ला ने कहा कि अमरवाड़ा विधानसभा क्षेत्र में कांग्रेस के पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और वरिष्ठ कार्यकर्ताओं का भाजपा में शामिल होना संगठन की बढ़ती स्वीकार्यता को दर्शाता है। भाजपा जिलाध्यक्ष शेषराव यादव ने कहा कि इससे यह साबित होता है कि भाजपा की विचारधारा और विकास की राजनीति के प्रति लोगों का विश्वास लगातार बढ़ रहा है। विधायक राजा कमलेश शाह ने सभी नवागत कार्यकर्ताओं का स्वागत करते हुए कहा कि भाजपा केवल एक राजनीतिक दल नहीं, बल्कि राष्ट्रसेवा और जनसेवा के संकल्प के साथ कार्य करने वाला विशाल संगठन है। भाजपा में प्रत्येक कार्यकर्ता को उसकी क्षमता और मेहनत के अनुरूप आगे बढ़ने का अवसर मिलता है।
Share News On