कांग्रेस कल गांधी चौक पर करेगी विरोध प्रदर्शन
छिंदवाड़ा
19-Dec-25
भाजपा सरकार की पहचान काम से नहीं, नाम बदलने से हो रही: ओकटे
छिन्दवाड़ा
महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना को वर्ष 2006 में कांग्रेस की सरकार ने प्रारंभ किया था। मनरेगा योजना के तहत ग्रामीणजन को 100 दिनों के रोजगार की गारंटी थी। भाजपा अपने सम्पूर्ण कार्यकाल में ऐसी योजना नहीं ला पाई। भाजपा ने केवल नाम बदलने की राजनीति की है, काम की नहीं। उक्त उदगार जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष विश्वनाथ ओकटे ने जारी प्रेस विज्ञप्ति के माध्यम से व्यक्त किए।
विश्वनाथ ओकटे ने आगे कहा कि केन्द्र व राज्य की भाजपा सरकार के द्वारा मनरेगा का नाम बदला जाना उनकी कुत्सित मानसिकता का प्रमाण है। इसके पूर्व भी भाजपा ने सिर्फ और सिर्फ नाम बदला है। अब महात्मा गांधी ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना का नाम बदलकर “वीबी” विकसित भारत गारंटी फॉर रोजगार एंड आजीविका मिशन (ग्रामीण) करना भाजपा का सोचा समझा राजनीतिक षड्यंत्र है, जिसकी कांग्रेस पुरजोर निंदा करती है। महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना का नाम बदले जाने के विरोध में दिनांक 21 दिसम्बर रविवार को दोपहर 1.30 बजे महात्मा गांधी चौक (फव्वारा चौक) में शहर कांग्रेस कमेटी के द्वारा विरोध प्रदर्शन किया जाएगा। शहर कांग्रेस अध्यक्ष पप्पू यादव ने आयोजित विरोध प्रदर्शन में शहर कांग्रेस के समस्त पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होने की अपील की है।
कांग्रेस जिलाध्यक्ष विश्वनाथ ओकटे ने आयोजित विरोध में जिला कांग्रेस कमेटी व शहर कांग्रेस कमेटी के समस्त पदाधिकारी व सदस्यगण, समस्त विधायकगण, विधानसभा प्रभारी, पर्यवेक्षक, ब्लॉक, उप ब्लॉक, क्षेत्रीय एवं शहर अध्यक्ष एवं पदाधिकारीगण, समस्त मोर्चा संगठन के जिला एवं ब्लॉक अध्यक्ष एवं पदाधिकारीगण, समस्त विभाग, प्रकोष्ठ के जिला एवं ब्लॉक अध्यक्ष, पदाधिकारीगण, समस्त निर्वाचित सदस्य, सरपंच व पंचगण, नगरीय निकाय के सम्मानित समस्त अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, नेताप्रतिपक्ष एवं पार्षदगण से आग्रह किया है कि वे आयोजित आंदोलन में निर्धारित समय से सम्मिलित होकर विरोध प्रगट करें।