Home News Business Offers Classified Jobs About Contact

दमुआ में कांग्रेस ने भाजपा सरकार के खिलाफ खोला मोर्चा

दमुआ में कांग्रेस ने भाजपा सरकार के खिलाफ खोला मोर्चा
राजनीति
17-Jul-26
महंगाई, बेरोजगारी और पेपर लीक के विरुद्ध सड़क पर उतरे कांग्रेसी

छिन्दवाड़ा

जुन्नारदेव ब्लॉक कांग्रेस कमेटी ने भाजपा सरकार के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए सरकार की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। स्थानीय अप्पू हाल से पैदल रैली के रूप में निकले कांग्रेसजन नगर के मुख्य मार्ग से होते हुए इंदिरा चौक पहुंचे और यहां से दमुआ थाना पहुंचकर राष्टपति के नाम विभिन्न मागों का ज्ञापन तहसीलदार को सौंपा।

भाजपा सरकार में जनता कंगाल और भाजपा नेताओं का हो रहा विकास: ओकटे

आयोजित रैली को सम्बोधित करते हुए जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष विश्वनाथ ओकटे ने कहा कि भाजपा सरकार में नीतियां ऐसी बनाई जाती है जिसमें जनता कंगाल और भाजपा नेता का विकास होता है। इसके अनेक उदाहरण जनता के सामने हैं। आम नागरिक आज रोजमर्रा की जरूरतों को पूरा नहीं कर पा रहा, क्योंकि महंगाई आसमान छू रही है। महंगाई और बेरोजगारी ने सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए है। जिस गति से महंगाई और बेरोजगारी ऊपर चढ़ रही उससे दोगुनी गति से विकास पिछड़ रहा है। लेकिन भाजपा के नेताओं के विकास में कोई कमी नहीं आ रही।

प्रदेश के मुख्यमंत्री जमीन खरीदने में व्यस्त है: सुनील उईके

जुन्नारदेव विधायक श्री सुनील उइके ने कहा कि केन्द्र में मोदी और प्रदेश में मोहन सरकार जनता का कर रही बंटाधार। सही मायनों में विकास मुख्यमंत्री डॉ. श्री मोहन यादव का हो रहा है और जिले में सांसद का। दोनों ही जमीन खरीदी में व्यस्त और मस्त है। जनता की मूलभूत समस्याएं भी हल नहीं हो पा रही तो फिर विकास की उम्मीद इनसे कैसे की जा सकती है। जिले से प्रदेश और प्रदेश से केन्द्र तक परिस्थितियां आम आदमी के विपरित है।

गिनाई ये समस्याएं

तहसीलदार को प्रस्तुत ज्ञापन में उल्लेख किया कि जनविरोधी नीतियों के साथ ही प्रशासनिक विफलताओं के कारण समाज का हर वर्ग किसान, मजदूर व आदिवासी अनेकों कठिनाइयों का सामना कर रहा है। किसानों को पर्याप्त मात्रा में खाद नहीं मिल रही। सम्पूर्ण छिन्दवाड़ा जिला सहित तामिया क्षेत्र में यूरिया और डीएपी की भारी कमी है। ऑनलाइन पंजीयन ई टोकन किसानों के लिए सिर दर्द बन चुकी है। इस प्रक्रिया में तामिया क्षेत्र के किसानों को अन्य जिलों से खाद लाने को भी मजबूर होना पड़ रहा है। खाद की कालाबाजारी भी बढ़ चुकी है जिस पर कोई कार्रवाई नहीं हो रही। एनपीके का मूल्य लेकर किसानों को एपीएस खाद दिया जा रहा है, जबकि इसकी कीमत लगभग 900 रुपए अधिक है। किसानों को आज भी पर्याप्त मात्रा में डीजल नहीं मिल रहा जिससे कृषि कार्य प्रभावित हो रहा है। डीजल, पेट्रोल और रसोई गैस की बढ़ी हुई कीमतों ने आम आदमी की कमर तोड़ दी है। पेट्रोलियम पदार्थों की बढ़ी हुई कीमतों को तत्काल वापिस लिया जाए।

आंदोलन में ये नेता रहे उपस्थित
 
रैली व ज्ञापन में जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष विश्वनाथ ओकटे, जुन्नारदेव विधानसभा प्रभारी गोविंद राय, जुन्नारदेव विधायक सुनील उइके, संगठन महासचिव गुरूचरण खरे, नीटू गांधी, हरि वर्मा, बीएस ठाकुर, सुभाष गुलबाके, विनोद निरापुरे, छोटू पाठक, राजू सोलंकी, राजेश नागले, लोकेश धुर्वे, बिनाका खरे, मनोज ठाकुर, सोनू डेहरिया, पुनित यदुवंशी सहित कांग्रेस के समस्त क्षेत्रीय अध्यक्ष, समस्त मोर्चा संगठन, विभाग व प्रकोष्ठ के पदाधिकारी व कार्यकर्तागण सहित बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे।
Share News On