कांग्रेस संगठनात्मक संरचना को मजबूत करने में जुटी
राजनीति
07-Oct-26
मंडलम और बूथ कमेटियों की बैठक में बनाई जा रही रणनीति

छिन्दवाड़ा अपडेट
कांग्रेस संगठनात्मक संरचना को जमीनी स्तर पर मजबूत करने के लिए कमर कसकर जुट चुकी है। मंडलम व बूथ कमेटियों की बैठकों के माध्यम से संगठन में कसावट लाने के साथ ही स्थानीय पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं को सक्रिय किया जा रहा है। आगामी कार्ययोजना बनाने के साथ ही जिला स्तर से प्राप्त होने वाले निर्देशों पर अमल करने व भाजपा सरकार की अनीतियों की पुरजोर खिलाफत की तैयारी की जा रही है।
ब्लॉक कांग्रेस कमेटी बटकाखापा के अंतर्गत आने वाले मंडलम चुरी-साजवा, गांगई बूथ, अतरिया व धनौरा के भालपानी में बूथ कमेटी की महत्वपूर्ण बैठक सम्पन्न हुई। संगठन को मजबूत करने और आगामी चुनावों की रणनीति को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। मप्र के पूर्व मुख्यमंत्री माननीय कमलनाथ जी एवं जिले के पूर्व सांसद माननीय नकुलनाथ जी की मंशानुसार संगठन विस्तार व संगठन की मजबूती के लिए सतत रूप से कार्य करने का आग्रह उपस्थित वरिष्ठ जनप्रतिनिधियों ने मंडलम व बूथ कमेटियों के पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं से किया।
आयोजित बैठकों में धीरन शाह इनवाती विधानसभा प्रत्याशी अमरवाड़ा, ब्लॉक कांग्रेस कमेटी बटकाखापा के अध्यक्ष श्री कमलभान शाह इनवाती, मंडलम अध्यक्ष बटकाखापा श्री राधेश्याम कहार, मंडलम अध्यक्ष श्री जमना प्रसाद धुर्वे चुरी-साजवा, श्री भरत तिवारी, श्री आत्माराम मर्सकोले सहित वरिष्ठ पदाधिकारी उपस्थित रहे।
युवक कांग्रेस ने सूरज और संजय को सौंपी जिम्मेदारी
छिन्दवाड़ा विधानसभा प्रभारी एवं चौरई विधानसभा में युवक कांग्रेस समन्वयक पद पर नई नियुक्तियां की गई है। नवनियुक्त पदाधिकारियों को तत्काल प्रभाव से जिम्मेदारी सौंपते हुए कांग्रेस की रीति-नीति अनुरूप कार्य करने हेतु निर्देशित किया गया है। जिला युवक कांग्रेस अध्यक्ष गोलू पटेल के द्वारा युवक कांग्रेस छिन्दवाड़ा विधानसभा प्रभारी पद पर सूरज यादव एवं चौरई विधानसभा युवक कांग्रेस समन्वयक पद पर संजय पटेल मनोनीत किए गए हैं। नवनियुक्त पदाधिकारियों ने अपनी नियुक्ति के लिए समस्त वरिष्ठ कांग्रेस जनप्रतिनिधियों का हृदय से आभार माना है।