गणेश विसर्जन स्थलों का कांग्रेस पार्षद दल ने किया निरीक्षण
राजनीति
22-Sep-26
पर्याप्त पानी, सफाई व प्रकाश की व्यवस्था करें निगम: हंसा अंबर दाढ़े

छिन्दवाड़ा
जिला मुख्यालय छिन्दवाड़ा के निर्धारित प्रतिमा विसर्जन स्थलों का कांग्रेस पार्षद दल के द्वारा निरीक्षण किया गया। जिसमें गम्भीर अनियमितताएं और अव्यवस्थाएं सामने आई। गुरैया में बोदरी नदी का पानी सिवरेज की पाइप लाइन के माध्यम से बह चुका है। जबकि कांग्रेस पार्षद दल सतत रूप से निगम कमिश्नर से यह मांग करता आ रहा है कि पानी के बहाव को बंद करने के लिए ठोस व उचित कदम उठाएं, लेकिन उन्होंने ध्यान नहीं दिया स्थिति यह है कि गुरैया में भगवान श्री गणेश की प्रतिमा विसर्जन के लिए पानी नहीं है।
भाजपा के दावे खोखले: हंसा अंबर दाढ़े
नेता प्रतिपक्ष हंसा अंबर दाढ़े ने बताया कि गणेश प्रतिमा विसर्जन के लिए नगर निगम द्वारा पर्याप्त और सुरक्षित वैकल्पिक व्यवस्था सुनिश्चित नहीं की गई है। कम जलस्तर की स्थिति में श्रद्धालुओं को परेशानी न हो, इसके लिए समय रहते कृत्रिम विसर्जन कुंड, पर्याप्त पानी, प्रकाश, सुरक्षा एवं साफ-सफाई की व्यवस्था की जानी चाहिए। कांग्रेस ने कहा कि भाजपा के नेतृत्व वाले नगर निगम को केवल दावे करने के बजाय जमीन पर व्यवस्था बनानी चाहिए। शहर में जल संकट की स्थिति पहले से सामने आ रही है, तो गणेश विसर्जन जैसे महत्वपूर्ण धार्मिक आयोजन के लिए वैकल्पिक व्यवस्था की स्पष्ट जानकारी जनता को अब तक क्यों नहीं दी गई?
नगर निगम सभी जानकारी सार्वजनिक करें
नगर निगम ने गणेश एवं दुर्गा प्रतिमा विसर्जन के लिए मशीनों और क्रेन की व्यवस्था हेतु निविदा जारी की है, लेकिन श्रद्धालुओं के लिए पर्याप्त पानी और वैकल्पिक विसर्जन व्यवस्था की स्थिति भी सार्वजनिक की जानी चाहिए। कांग्रेस पार्षद दल ने निर्धारित विसर्जन स्थलों पर कृत्रिम विसर्जन कुंड, पर्याप्त मात्रा में पानी उपलब्ध, प्रतिमाओं को लाने-ले जाने के लिए वाहन/पिकअप व्यवस्था, प्रकाश, सुरक्षा एवं साफ-सफाई की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित करे। विसर्जन स्थल की पूरी व्यवस्था और रूट की जानकारी सार्वजनिक करे।
गुरैया बोदरी नदी में नहीं है पानी
कांग्रेस ने कहा कि गणेश जी की प्रतिमा लेकर आने वाले श्रद्धालुओं को अव्यवस्था का सामना ना करना पड़े। भाजपा शासित नगर निगम की जिम्मेदारी है कि आस्था के इस पर्व पर व्यवस्था पहले से सुनिश्चित करे, न कि अंतिम समय में खानापूर्ति करे। कांग्रेस पार्षद दल ने कुलबेहरा नदी, छोटा तालाब व गुरैया का औचक निरीक्षण किया। अव्यवस्थाएं सामने आई है। निगम में नेता प्रतिपक्ष श्रीमती हंसा अम्बर दाढ़े, श्रीमती मंजू बैस व पार्षद तरूण कराड़े ने मौके पर पहुंचकर विसर्जन स्थलों का औचक निरीक्षण किया।