कांग्रेस ने पूछा पूर्व सैनिकों के साथ पुलिस गुंडों जैसा व्यवहार क्यों कर रही?
राजनीति
19-Jun-26
सांसद के बहकावे में आकर कांग्रेस कार्यालय के सामने पोस्टर दिखाने और ज्ञापन की नौटंकी क्यों ?
छिन्दवाड़ा
चारगांव प्रहलाद की आदिवासी जमीन के मामले में कल गुरूवार को भूतपूर्व सैनिकों के प्रदर्शन के बाद आज शुक्रवार को कांग्रेस ने भी भाजपा सांसद से सवाल पूछ लिए। कांग्रेस नेता एकलव्य यहाके ने कहा कि भाजपा सांसद की तुच्छ राजनीति और बालबुद्धि से उत्प्रेरित होकर कांग्रेस कार्यालय पहुंचे पूर्व सैनिक सर्वप्रथम सांसद कार्यालय पहुंचकर सवाल पूछे कि उनकी सरकार में पूर्व सैनिकों के साथ पुलिस गुंडों जैसा बर्ताव क्यों कर रही है?
श्री यहाके ने मीडिया से कहा कि मेघासिवनी बायपास चारगांव प्रहलाद में हुए विवाद के दौरान भाजपा सांसद का नाम लिया गया जिसका एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ उसमें साफ तौर पर कहा जा रहा था कि सांसद के लोग गुंडागर्दी से आदिवासी और अनुसूचित जाति वर्ग के लोगों की जमीन हड़प रहे हैं। इस वारदात के बाद सांसद दलबल के साथ जिला अस्पताल में घायलों को धमकाने पहुंचे। फिर सांसद ने पुलिस थाना पहुंचकर अपराध दर्ज कराया। विवाद में घायलों की रिपोर्ट पर मारपीट करने वालों के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया गया। आरोपितों का पुलिस ने जुलूस निकाला। इस सम्पूर्ण कार्रवाई में कांग्रेस ने कहीं भी किसी भी स्थान पर किसी भी व्यक्ति या उसके पद का उल्लेख नहीं किया। सिर्फ निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कार्रवाई की मांग की जो विपक्ष का स्वतंत्र अधिकार है। जिले में बढ़े अपराध और बिगड़ी फिजा को बचाने की जिम्मेदारी कांग्रेस ने हमेशा निभाई है और आज भी निभा रही।
कांग्रेस ने पूछे भाजपा सांसद और पूर्व सैनिक से सवाल?
भाजपा सांसद के कहने पर पूर्व सैनिक आशीष ठाकरे कांग्रेस कार्यालय पहुंचने से पहले सांसद से सवाल पूछते कि क्या पूर्व सैनिक गुंडा है? जो उनकी सरकार में पूर्व सैनिक के साथ गुंडों जैसा बर्ताव किया गया। पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर सवाल किया होता कि पूर्व सैनिक पर अपराध दर्ज कर जुलूस क्यों निकाला ? क्या पुलिस ने गलत अपराध दर्ज किया है ? या फिर निर्दाेष व्यक्ति का जुलूस निकाल दिया। सबसे बड़ा सवाल अगर भाजपा की सरकार में पूर्व सैनिक का सम्मान नहीं हो रहा है तो इसमें कांग्रेस का कोई दोष नहीं है। सवाल कांग्रेस से नहीं बल्कि सांसद से पूछा होता कि उनकी सरकार सम्मान क्यों नहीं कर रही? पूर्व सैनिक निर्दाेष है तो फिर अपराध क्यों कायम किया ?
आदिवासी की आवाज को दबा रहे सांसद
आदिवासी समाज के युवक ने जमीन खरीद फरोख्त के मामले में सांसद का नाम लिया तो इसमें कोई वजह और सच्चाई तो होगी। तभी उसने सांसद का नाम लिया। आदिवासी समाज के युवक ने आदिवासियों के हक और अधिकार के लिए आवाज उठाई तो उसे दबाने के लिए अपराध पंजीबद्ध कराया ताकि कभी कोई भी आदिवासी भाई जुल्म और अत्याचार के खिलाफ आवाज ना उठा सके। एक जनप्रतिनिधि का ऐसा व्यवहार और बर्ताव नहीं होता। जनप्रतिनिधि ही आम जनता की आवाज को दबाए तो आम व्यक्ति किससे गुहार लगाए।
कांग्रेस वीर योद्धाओं का हमेशा सम्मान करती है और करती रहेगी
कांग्रेस के वीर योद्धाओं ने देश की आजादी के लिए अपने प्राणों की आहुति दी है। सैनिक के साहस, बलिदान और देश के प्रति योगदान को कांग्रेस ने हमेशा ही सलाम किया है, सम्मान दिया है और सम्मानित भी किया है। कांग्रेस कार्यालय के सामने खड़े होकर पूर्व सैनिक ने अपनी बात और पक्ष रखा यह कांग्रेस के सम्मान का प्रतिमान है। आगे भी यह परम्परा जारी रहेगी लेकिन भाजपा सांसद के कहने पर कांग्रेस कार्यालय के सामने पोस्टर लेकर खड़ा होना, फिर सवाल करना, यह सांसद की तुच्छ राजनीतिक दुर्भावना से प्रेरित होकर किया गया कार्य है जिसकी कांग्रेस कड़ी निंदा करती है।