Home News Business Offers Classified Jobs About Contact

ईदुज्जुहा को लेकर कलेक्टर ने ली शांति सभा की बैठक

ईदुज्जुहा को लेकर कलेक्टर ने ली शांति सभा की बैठक
छिंदवाड़ा
22-May-26
शांति और सद्भाव के साथ मनाया जायेगा ईदुज्जुहा का पर्व

छिन्दवाडा 

जिले में ईदुज्जुहा (बकरा ईद) का पर्व 28 मई गुरुवार को  मनाया जायेगा। ईद-उल- अजहा (बकरा ईद) के दिन नमाज जामा मस्जिद गोलगंज में सुबह 6.30 बजे, नूरी मस्जिद ऊंटखाना में सुबह 7.00 बजे, बड़ी ईदगाह में सुबह 7.30 बजे, छोटी ईदगाह में सुबह 8.00 बजे और रिसाला मस्जिद में सुबह 8.30 बजे अदा की जायेगी। बारिश होने की स्थिति में सभी ईदगाहों के अलावा शहर की सभी मस्जिदों में सुबह 6.30 बजे से सुबह 9 बजे के बीच ईदुज्जुहा की नमाज अदा की जाएगी।

       पर्व के दौरान कानून, शांति एवं अन्य व्यवस्थाओं के संबंध में शुक्रवार को कलेक्टर कार्यालय के सभाकक्ष में कलेक्टर हरेंद्र नारायन की अध्यक्षता में जिला स्तरीय शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में समिति के सदस्यों से चर्चा के उपरांत विभिन्न सुझाव एवं फीडबैक लिए गए और संबंधित अधिकारियों को तदनुरूप आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिए हैं। शांति समिति के सभी सदस्यों ने जिले में आयोजित सभी पर्वों में प्रशासन-पुलिस द्वारा की गई बेहतर कानून व्यवस्था के लिए आभार व्यक्त किया और आगामी सभी पर्वों और त्यौहारों में भी पूरा सहयोग करते हुए सद्भाव, अमन और भाईचारे से त्यौहार मनाए जाने का भरोसा प्रशासन-पुलिस को दिलाया।

कलेक्टर श्री नारायन ने जिले की परंपरा के अनुरूप इस बार भी अमन और सौहार्द्र के माहौल में ईदुज्जुहा का पर्व मनाने की अपील की। उन्होंने आश्वत किया कि इस बार भी प्रशासन-पुलिस की सभी व्यवस्थाएं चाक-चौबंद रहेंगी। उन्होंने विशेष रूप से अपील की है कि त्यौहार के दौरान सतर्क रहें और अफवाहों से सावधान रहें। हर बार की तरह इस बार भी आपसी भाईचारे और समझदारी का परिचय दें। कलेक्टर श्री नारायन ने समिति के सदस्यों के सुझाव अनुसार सभी नमाज स्थलों एवं मुस्लिम बाहुल्य क्षेत्रों में एक दिन पूर्व रात्रि से ही पैदल गश्त और पुलिस व्यवस्था के निर्देश पुलिस विभाग को दिये हैं।  बैठक में अपर कलेक्टर श्री धीरेन्द्र सिंह, एएसपी श्री आशीष खरे, एसडीएम छिंदवाड़ा श्री सुधीर जैन, संयुक्त कलेक्टर श्रीमती ज्योति ठाकुर व श्रीमती अंकिता त्रिपाठी सहित नगर निगम छिंदवाड़ा, बिजली, पी.डब्लू.डी. सहित अन्य विभागों के अधिकारी एवं समिति के शासकीय एवं अशासकीय सदस्यगण मौजूद थे।

इस तरह की रहेगी प्रशासनिक व्यवस्था

बकरा ईद पर्व में 3 दिन 28, 29 और 30 मई तक कुर्बानी चलने के दृष्टिगत नगर निगम को अवशेष मटेरियल प्लास्टिक युक्त तिरपाल से ढककर ट्रैक्टर ट्रॉली से सावधानीपूर्वक ले जाने और गड्ढे में दबाकर उचित ढंग से निस्तारण करने के निर्देश दिए गए। सभी नमाज स्थलों और मुस्लिम बाहुल्य क्षेत्रों में साफ-सफाई, नाली की सफाई, अतिक्रमण हटाने और प्रकाश की समुचित व्यवस्था के निर्देश दिये। पर्व के दौरान पेयजल की समुचित व्यवस्था और प्रातः 6 से 9 के बीच विद्युत की निर्बाध आपूर्ति के भी निर्देश दिए है। विद्युल मंडल को मस्जिद के पास के खंभों और खुले तारों को सुरक्षित करने के लिए भी निर्देशित किया गया। ट्रैफिक पुलिस को सुबह 6 बजे से 11 बजे तक जामा मस्जिद, रिसाला मस्जिद, बैल बाजार चौराहा ईदगाह के पास, ईदगाह के पीछे ईदगाह पहुंच सभी मार्गों पर पूर्व की भांति यातायात की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। देव होटल के सामने की सड़क एवं करबला चौक पर प्रातः 8 से 8.30 बजे तक बैरीकेड लगाने और पुलिस बल तैनात करने निर्देशित किया गया है।

      
Share News On