सेवा मेरा योगदान अंतर्गत कार्यक्रमों को कलेक्टर ने दिया अंतिम रूप
छिंदवाड़ा
29-Sep-26
3 अक्टूबर को छिंदवाड़ा मेडिकल कॉलेज में लगेगा जिला स्तरीय स्वास्थ्य शिविर
07 अक्टूबर को निकलेगी ज्योति कलश यात्रा
सेवा मेरा योगदान के तहत 2 से 10 अक्टूबर तक होंगे विभिन्न सेवा कार्य 03 अक्टूबर को
छिन्दवाडा अपडेट

कलेक्टर हरेंद्र नारायन की अध्यक्षता में मंगलवार को कलेक्टर कार्यालय के मिनी सभाकक्ष में सेवा संकल्प अभियान 2026 के तहत आयोजित होने वाले विभिन्न आगामी कार्यक्रमों की तैयारियों को लेकर जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों की बैठक संपन्न हुई। बैठक में 2 से 10 अक्टूबर तक “सेवा मेरा योगदान” अभियान, 3 एवं 4 अक्टूबर को सेवा सेतु अभियान तथा 7 अक्टूबर को सेवा ज्योति कलश यात्रा के आयोजन की तैयारियों पर जनप्रतिनिधियों से चर्चा एवं विचार - विमर्श कर अंतिम रूपरेखा तय की गई।
बैठक में अमरवाड़ा विधायक कमलेश प्रताप शाह, शेषराव यादव, पं. रमेश दुबे, कमलेश ऊईके, शैलेन्द्र रघुवंशी, अजय सक्सेना, विजय पांडे, धर्मेंद्र मिगलानी सहित अन्य जनप्रतिनिधि, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी अग्रिम कुमार, अपर कलेक्टर धीरेन्द्र सिंह, एएसपी आशीष खरे तथा जिला प्रशासन एवं विभिन्न विभागों के नोडल अधिकारी उपस्थित थे।
2 से 10 अक्टूबर तक होंगे सेवा के विभिन्न कार्यक्रम
“सेवा मेरा योगदान” अभियान के अंतर्गत जिले में अलग-अलग तिथियों पर सेवा एवं जनकल्याण से जुड़ी गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। 2 अक्टूबर को स्वच्छता ही सेवा कार्यक्रम के तहत स्वच्छता कर्मियों का सम्मान, प्लास्टिक मुक्त परिसर के लिए संकल्प तथा विभिन्न स्वच्छता गतिविधियां जिला, विकासखंड, नगरीय निकाय एवं ग्राम पंचायत स्तर पर आयोजित होंगी। जिला मुख्यालय पर इस स्वच्छता गतिविधि का आयोजन प्रातः 7 से 9 बजे तक जिला अस्पताल के गेट नंबर 1 से प्रारंभ होगा और अमित ठेंगे चौक पर नुक्कड़ नाटक आयोजन और स्वच्छता शपथ के साथ समापन होगा।
3 अक्टूबर शनिवार को जिला एवं सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र स्तर तक स्वास्थ्य शिविर लगाए जाएंगे। इन शिविरों से पूर्व क्षेत्रवासियों में समुचित प्रचार करने के निर्देश दिए हैं। जिला स्तर पर स्वास्थ्य शिविर का आयोजन छिंदवाड़ा मेडिकल कॉलेज में प्रातः 9 बजे से किया जाएगा।
4 अक्टूबर को जिला मुख्यालय स्थित वृद्धाश्रम में प्रातः 10 बजे से सेवा गतिविधियां की जाएंगी, जिसके बाद शिशु गृह अनाथालय में सेवा गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।
6 अक्टूबर को जिला एवं सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र स्तर पर आंखों की निःशुल्क जांच शिविर आयोजित किए जाएंगे।
इसी क्रम में 8 अक्टूबर को दिव्यांगजन सशक्तिकरण से संबंधित गतिविधियां जिला दिव्यांग एवं पुनर्वास केंद्र में प्रातः 11 बजे से दोपहर 2 बजे तक आयोजित की जाएंगी। 9 अक्टूबर को प्रातः 10 बजे सोनपुर मोक्षधाम के सामने वृहद पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसी दिन शाम 5 बजे कलेक्टर कार्यालय के सभाकक्ष में सैनिकों एवं उनके अभिभावकों का सम्मान कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। 10 अक्टूबर को जरूरतमंद विद्यार्थियों को आवश्यक सामग्री का वितरण कार्यक्रम का आयोजन शासकीय एल एम बी स्कूल छिंदवाड़ा में प्रातः 11 बजे से किया जाएगा। इन गतिविधियों का आयोजन ब्लॉक स्तर पर भी किया जाएगा।
3 और 4 अक्टूबर को सेवा सेतु अभियान
सेवा संकल्प अभियान के तहत सेवा सेतु अभियान के अंतर्गत 3 अक्टूबर को जिले के सभी 9 विकासखंडों में तथा 4 अक्टूबर को जिले के सभी नगरीय निकायों एवं नगर निगम छिंदवाड़ा के सभी 5 जोनों में शिविर आयोजित किए जाएंगे। इन शिविरों में एक ही स्थान पर आमजन को विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की संपूर्ण जानकारी, आवेदन प्रक्रिया तथा पात्र हितग्राहियों को सीधे लाभ वितरण की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। संबंधित एसडीएम को इन शिविरों का नोडल अधिकारी बनाया गया है।
7 अक्टूबर को निकलेगी सेवा ज्योति कलश यात्रा
सेवा संकल्प अभियान के तहत 7 अक्टूबर को जिले के प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र से एक-एक सेवा ज्योति कलश यात्रा निकाली जाएगी। यात्रा में आगे कलश एवं कृत्रिम मशाल रहेगी। विभिन्न मार्गों से होते हुए यात्राएं जिला मुख्यालय स्थित पोला ग्राउंड पहुंचेंगी। पोला ग्राउंड में जनप्रतिनिधियों एवं जनसमूह की उपस्थिति में सार्वजनिक कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम के दौरान माननीय प्रधानमंत्री जी के उद्बोधन का सीधा प्रसारण भी किया जाएगा।
बैठक में कलश यात्राओं के रूट चार्ट को लेकर जनप्रतिनिधियों से विचार-विमर्श किया गया। जिला मुख्यालय पर आयोजित होने वाले कार्यक्रम की आवश्यक व्यवस्थाओं के लिए नगर निगम को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। बैठक में अधिकारियों को सभी कार्यक्रमों की तैयारियां समयबद्ध तरीके से पूर्ण करने और अभियान के सफल संचालन के निर्देश दिए गए।