Home News Helpline Classified Jobs About Contact

दो सांडों की लड़ाई में हो रहा कार का नुकसान

दो सांडों की लड़ाई में हो रहा कार का नुकसान
छिंदवाड़ा
03-Oct-26
श्रीवास्तव कॉलोनी के रहवासी परेशान, शिकायत के बाद भी कोई कार्रवाई नहीं

छिंदवाड़ा अपडेट

दो सांडों के बीच में बाड़े का नुकसान वाली कहावत तो आपने सुनी ही होगी। श्रीवास्तव कॉलोनी निवासियों पर ये कहावत इस समय बिलकुल सटीक बैठ रही है बस बाड़े की जगह उनकी कारों का नुकसान हो रहा है। स्थानीय निवासियों ने छिंदवाड़ा अपडेट को बताया कि रात के समय पूरी कॉलोनी में आवारा पशु घूमते रहते हैं। कई बार वे आपस में लड़ते हैं तो बाहर खड़ी कारों को काफी नुकसान पहुंचाते हैं।  हर बार हजारों रूपए का नुकसान होता है जब इस बारे में वार्ड पार्षद माइकल पहाड़े से शिकायत की जाती है तो वे अपनी जिम्मेदारी नगर निगम पर टाल देते हैं। वार्डवासियों के अनुसार शिकायत पर पार्षद माइकल पहाड़े कहते हैं कि निगम आयुक्त से कह दिया है लेकिन वे ही कोई कार्रवाई नहीं कर रहे तो मैं क्या कर सकता है। 

पार्षद ने दी 181 पर शिकायत करने दी सलाह

श्रीवास्तव कॉलोनी निवासी लोगों का कहना है कि एक-दो बार जब वार्ड पार्षद माइकल पहाड़े से शिकायत की गई और समस्या का हल नहीं निकला तो फिर से शिकायत करने पर उन्होंने सीधे कह दिया 181 पर शिकायत कर दो। मैं कुछ नहीं कर सकता। इस तरह के जवाबों से कॉलोनीवासी गुस्से में दिखाई दे रहे हैं। लगभग सभी का कहना है कि चुनाव के समय भाजपा प्रत्याशी कोई भी हो उसको वोट नहीं करेंगे। लोगों का कहना है कि इसके अलावा वार्ड में साफ-सफाई भी ठीक ढंग से नहीं हो रहा है। वार्ड की समस्याओं की ओर न तो पार्षद का ध्यान है और न निगम के जिम्मेदार अधिकारियों का। समय आने पर सभी को जवाब दिया जाएगा। अब देखना है कि वार्ड पार्षद या नगर निगम का अमला मामले में कुछ कार्रवाई करता है या नहीं।
Share News On