Home News Helpline Classified Jobs About Contact

“सेवा मेरा योगदान” थीम पर रक्तदान शिविर जिला चिकित्सालय में

 “सेवा मेरा योगदान” थीम पर रक्तदान शिविर जिला चिकित्सालय में
छिंदवाड़ा
16-Sep-26
प्रातः 9 बजे से प्रारंभ होगा रक्तदान 

अधिक से अधिक संख्या में रक्तदान में सहभागिता की अपील

छिन्दवाडा

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की 25 वर्षों की अविरल सेवा-संकल्प यात्रा को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक सेवा संकल्प अभियान संचालित किया जा रहा है। अभियान के माध्यम से समाज के विभिन्न वर्गों को सेवा कार्यों से जोड़ते हुए जनभागीदारी को बढ़ावा दिया जाएगा तथा पूरे माह विविध सामाजिक एवं जनकल्याणकारी गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा।

अभियान के शुभारंभ दिवस पर जिले में “सेवा मेरा योगदान” थीम पर विशाल स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन 17 सितंबर गुरूवार को जिला चिकित्सालय, छिंदवाड़ा के गेट क्रमांक-2 में ब्लड बैंक परिसर में प्रातः 09 बजे से सायं 4 बजे तक किया गया है, जिसका शुभारंभ कार्यक्रम प्रातः 10 बजे आयोजित होगा। शिविर का मुख्य उद्देश्य स्थानीय स्तर पर रक्त की उपलब्धता सुनिश्चित करना तथा थैलेसीमिया, आपातकालीन दुर्घटनाओं और गंभीर बीमारियों से जूझ रहे मरीजों को समय पर रक्त उपलब्ध कराना है।

शिविर में स्वास्थ्य विभाग द्वारा रक्तदाताओं के लिए समुचित व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं। चिकित्सकीय विशेषज्ञों की देखरेख में सुरक्षित रक्तदान की प्रक्रिया संपन्न कराई जाएगी। रक्तदान से पूर्व सभी इच्छुक रक्तदाताओं का आवश्यक स्वास्थ्य परीक्षण, जैसे हीमोग्लोबिन एवं रक्तचाप आदि की जांच की जाएगी। रक्तदान के उपरांत सभी रक्तदाताओं को प्रमाण-पत्र एवं अल्पाहार भी प्रदान किया जाएगा।

जिला प्रशासन, स्वास्थ्य विभाग एवं आयोजन समिति द्वारा जिले के सभी युवाओं, सामाजिक संगठनों, स्वयंसेवी संस्थाओं, जनप्रतिनिधियों एवं आम नागरिकों से अपील की गई है कि वे 17 सितंबर 2026 को आयोजित रक्तदान शिविर में पहुंचकर “सेवा मेरा योगदान” की भावना के साथ अपना अमूल्य योगदान दें और सेवा संकल्प अभियान के शुभारंभ को जनभागीदारी का उत्सव बनाएं।
Share News On

जीवन में ऐसी कोई चीज नहीं है जिससे डरा जाये जरूरत केवल उसे समझने की है.!