राष्ट्रीय पदाधिकारियों की नियुक्ति से भाजपा और मजबूत होगी: श्री यादव
राजनीति
17-Aug-26
छिंदवाड़ा

भाजपा की राष्ट्रीय टीम में विभिन्न महत्वपूर्ण दायित्वों पर नवनियुक्त पदाधिकारियों को लेकर भाजपा जिलाध्यक्ष शेषराव यादव ने हर्ष व्यक्त करते हुए सभी नवनियुक्त पदाधिकारियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं।
भाजपा की राष्ट्रीय टीम में लालसिंह आर्य को राष्ट्रीय उपाध्यक्ष, गजेंद्र सिंह पटेल को राष्ट्रीय महामंत्री, सुश्री कविता पाटीदार को राष्ट्रीय मंत्री, विष्णुदत्त शर्मा को राष्ट्रीय संगठन समन्वयक, बंशीलाल गुर्जर को राष्ट्रीय अध्यक्ष किसान मोर्चा तथा श्री आशीष अग्रवाल को राष्ट्रीय सह संयोजक मीडिया का दायित्व सौंपा गया है।
भाजपा जिलाध्यक्ष शेषराव यादव ने कहा कि पार्टी द्वारा इन सभी अनुभवी एवं समर्पित कार्यकर्ताओं को राष्ट्रीय स्तर पर महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां दिया जाना संगठन की कार्यपद्धति और कार्यकर्ताओं के प्रति विश्वास का परिचायक है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि सभी नवनियुक्त पदाधिकारी अपने अनुभव, संगठनात्मक क्षमता और समर्पण के माध्यम से भारतीय जनता पार्टी को और अधिक मजबूत एवं प्रभावी बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
उन्होंने कहा कि भाजपा का संगठन राष्ट्रसेवा, जनसेवा और अंत्योदय के संकल्प के साथ निरंतर आगे बढ़ रहा है। राष्ट्रीय टीम में नए दायित्वों के साथ पार्टी का संगठनात्मक विस्तार और जनसेवा का कार्य और अधिक गति प्राप्त करेगा। भाजपा जिलाध्यक्ष शेषराव यादव ने सभी नवनियुक्त राष्ट्रीय पदाधिकारियों के उज्ज्वल कार्यकाल की मंगलकामना करते हुए उन्हें पुनः हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं प्रेषित कीं।