भाजपा प्रदेश महामंत्री डॉ. सुमेर सिंह सोलंकी 10 जुलाई को छिंदवाड़ा में
राजनीति
09-Jul-26
जिला बैठक, कोर ग्रुप की बैठक एवं मंडल प्रवास के माध्यम से करेंगे संगठनात्मक गतिविधियों की समीक्षा

छिंदवाड़ा
भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश महामंत्री एवं छिंदवाड़ा संभाग प्रभारी डॉ. सुमेर सिंह सोलंकी 10 जुलाई को एक दिवसीय संगठनात्मक प्रवास पर छिंदवाड़ा पहुंच रहे हैं। उनके प्रवास का मुख्य उद्देश्य विगत संगठनात्मक कार्यक्रमों की समीक्षा करना, आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा तय करना तथा बूथ स्तर तक संगठन को और अधिक सशक्त एवं प्रभावी बनाने की रणनीति पर कार्य करना है।
भाजपा कार्यालय मंत्री भारत घई ने जानकारी देते हुए बताया कि डॉ. सुमेर सिंह सोलंकी 10 जुलाई को सुबह 11 बजे से जिला भाजपा कार्यालय में आयोजित नियमित मासिक जिला बैठक में सहभागिता कर मार्गदर्शन देंगे। जिला बैठक में संगठन के जिला प्रभारी आदित्य बबला शुक्ला, भाजपा जिलाध्यक्ष शेषराव यादव भी मार्गदर्शन प्रदान करेंगे।
बैठक में जिला प्रभारी, जिलाध्यक्ष, जिला कार्यकारिणी सदस्य, जिले में निवासरत प्रदेश पदाधिकारी, विभिन्न मोर्चों के जिलाध्यक्ष, प्रकोष्ठ संयोजक, मंडल अध्यक्ष, मंडल प्रभारी सहित संगठन के प्रमुख पदाधिकारी सहभागी होंगे। इस दौरान संगठनात्मक गतिविधियों की समीक्षा, आगामी कार्यक्रमों की तैयारी तथा बूथ स्तर तक संगठन को सुदृढ़ बनाने के विभिन्न विषयों पर विस्तार से चर्चा होगी।
कोर ग्रुप की बैठक में बनेगी आगामी रणनीति
श्री घई ने बताया कि जिला बैठक के उपरांत दोपहर 1 बजे भाजपा जिला कार्यालय में कोर ग्रुप की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की जाएगी। बैठक में आगामी कार्ययोजना, संगठनात्मक सुदृढ़ीकरण, जनाधार विस्तार एवं जिले में पार्टी की गतिविधियों को और प्रभावी बनाने को लेकर वरिष्ठ नेताओं के बीच विस्तृत मंथन होगा।
पटपड़ा मंडल में कार्यकर्ताओं से करेंगे संवाद
दोपहर बाद डॉ. सुमेर सिंह सोलंकी पटपड़ा मंडल का प्रवास करेंगे। यहां वे मंडल के अपेक्षित पदाधिकारियों, बूथ समिति के सदस्यों एवं कार्यकर्ताओं के साथ बैठक कर संगठनात्मक विषयों पर चर्चा करेंगे। साथ ही स्थानीय कार्यकर्ताओं से संवाद कर उन्हें आगामी कार्यक्रमों एवं संगठन विस्तार के लिए मार्गदर्शन देंगे तथा बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत बनाने पर विशेष जोर देंगे। प्रवास के दौरान डॉ. सोलंकी रात्रि में कार्यकर्ता के निवास पर भोजन करेंगे तथा छिंदवाड़ा में ही रात्रि विश्राम करेंगे। इसके पश्चात 11 जुलाई को प्रातः 8 बजे स्वल्पाहार के उपरांत सिवनी के लिए प्रस्थान करेंगे।