मेडिकल कॉजेल की बढ़ी हुई निर्माण लागत पर भाजपा नेता पीट रहे तालियां: कांग्रेस
राजनीति
30-Sep-26
वर्ष 2022 में बनकर तैयार होना था मेडिकल कॉलेज आज भी अधूरा

छिन्दवाड़ा अपडेट
भाजपा के सांसद और जिला अध्यक्ष छिन्दवाड़ा इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल कॉलेज की बढ़ी हुई निर्माण लागत पर तालियां पीट रहे और अपने ही हाथों अपनी पीट थपथपा रहे। जनता के बीच झूठ परोसने की सारी सीमाओं को पार करने वाले जनता से सच छिपा रहे हैं। जिस राशि पर भाजपा वाहवाही लूट रही उससे चार वर्षों में बढ़ी हुई निर्माण लागत की पूर्ति की जानी है। क्योंकि वर्ष 2022 में बनकर तैयार होने वाला मेडिकल कॉलेज आज भी अधूरा है। बीते चार वर्षों में जीएसटी सहित अन्य सामग्री की दरों में वृद्धि के अंतर को पूरा करने के लिए रू. 953 करोड़ 69 लाख की पुनरीक्षित प्रशासकीय स्वीकृति दी गई है। यह उपलब्धि नहीं, बल्कि सबसे बड़ी नाकामी है और भ्रष्टाचार को बढ़ावा देने वाली नीति है। प्रदेश सरकार द्वारा स्वीकृत राशि से जनता को नहीं भाजपा के लोगों को लाभ मिलना है, इसीलिये उपलब्धि बताने वाले इस सच्चाई को जनता से छिपा रहे हैं। उक्त उदगार शहर कांग्रेस अध्यक्ष धर्मेन्द्र सोनू मागो ने मीडिया संवाद में व्यक्त किए।
श्री मागो ने जारी बयान में आगे कहा कि वर्ष 2018 में कमलनाथ की सरकार बनने पर छिन्दवाड़ा इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंस में कार्डियक सेंटर, कैंसर यूनिट एवं सुपर स्पेशिलिटी हॉस्पिटल स्वीकृत किये गये थे। कमलनाथ जी ने इसके लिए रू. 1455 करोड़ की प्रशासकीय स्वीकृति दी थी। वर्ष 2019-20 में निर्माण कार्य प्रारंभ कराया था। सत्ता में आते ही भाजपा ने मेडिकल कॉलेज की विभिन्न यूनिटों का काम बंद करा दिया। अक्टूबर 2021 में मेडिकल कॉलेज के सम्पूर्ण निमार्ण के लिये स्वीकृत राशि को घटाकर 665 करोड़ किया। भाजपा ने पुनः बजट 768 करोड़ रुपये कर झूठी वाहवाही लूटी। 1455 करोड़ रुपये के मेडिकल कॉलेज को 768 करोड़ रुपये कर दिया अर्थात छिन्दवाड़ा की जनता को मिलने वाली स्वास्थ्य सुविधाओं को द्वेष की भावना से भाजपा ने आधा किया।
सीटों का भी किया नुकसान
300 सीटों पर अध्ययन का लाभ विद्यार्थियों को प्राप्त होता, लेकिन इसे भाजपा ने 150 सीटों पर सीमित कर यहां भी आधी सीटों का नुकसान किया। इस नुकसान को भी भाजपा के सांसद ने उपलब्धि बताकर झूठी वाहवाही लूटी। वर्तमान में जिस राशि पर भाजपा के सांसद और जिला अध्यक्ष वाहवाही लूट रहे वह भी भाजपा के भ्रष्टाचार की भेंट ही चढ़नी है। क्योंकि जिले की जनता को कार्डियक सेंटर, कैंसर यूनिट सहित अन्य अत्याधुनिक चिकित्सा के लाभ से वंचित ही रहना पड़ेगा, क्योंकि इस पर अभी तक कोई निर्णय नहीं लिया गया है। जारी बयान के अंत में उन्होंने कहा कि भाजपा के सांसद और जिला अध्यक्ष जनता को सच्चाई बताएं। झूठी वाहवाही लूटने के लिए झूठ ना फैलाएं, क्योंकि जनता जागरूक है वह सब जानती है।