भाजपा रोजगार देने नहीं, बेरोजगार करने लाई है नई योजना: कांग्रेस
छिंदवाड़ा
06-Feb-26
महिला कांग्रेस ने परासिया विधानसभा में चलाया मनरेगा बचाओ अभियान
छिन्दवाड़ा
भाजपा की सरकार ने मनरेगा योजना के स्थान पर नई योजना लाई है जिसका उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्र की जनता को रोजगार देना नहीं बल्कि बेरोजगार करना है जिस योजना में अब सीधा ठेकेदारों और मशनरी का उपयोग होना है वह आम आदमी की योजना कैसे रही? सरकार केवल वाहवाही लूट रही, सच्चाई तो यह है कि इस योजना में सिर्फ और सिर्फ बेरोजगारी मिलनी है। रोजगार सहायक से लेकर मेट तक सभी बेरोजगार होने वाले हैं उक्त उदगार जिला महिला कांग्रेस अध्यक्ष श्रीमती किरण चौधरी ने परासिया विधानसभा में संचालित मनरेगा बचाओ अभियान के तहत आयोजित कार्यक्रम में व्यक्त किए।
परासिया विधानसभा क्षेत्र के दीघावानी पंचायत में आयोजित मनरेगा बचाओ अभियान में दीघावानी, रावनवाड़ा, नवेगांव, ढाला व छिन्दा के ग्रामीणजन बड़ी संख्या में सम्मिलित हुए। आयोजित कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए महिला कांग्रेस की प्रभारी श्रीमती मंजू बैस ने कहा कि भाजपा सरकार नई योजना में बड़े बड़े दावे कर रही, किन्तु यह नहीं बता रही कि मप्र सरकार श्रमिकों का करोड़ों रुपयों का रूका हुआ भुगतान कब करेगी। श्रमिकों से काम लेने के बाद भी भाजपा ने आज तक उनका भुगतान नहीं किया है। सरकारी खोखले दावे और वादों की पोल यहां भी खुल रही। नई योजना में काम की गारंटी कैसे और किस आधार पर मिलेगी।
परासिया ब्लॉक अध्यक्ष कमल राय ने सम्बोधित करते हुए कहा कि मनरेगा योजना में 90 प्रतिशत राशि का भुगतान केन्द्र सरकार के द्वारा किया जाता था। राज्य सरकारों पर केवल 10 प्रतिशत का भार था, जिससे राज्य सरकारें योजना का क्रियान्वयन बड़ी सुलभता से करती थीं, किन्तु नई योजना में 60 प्रतिशत राशि केन्द्र सरकार देगी और 40 प्रतिशत राशि का भुगतान राज्य सरकारों को करना होगा। अब प्रश्न यह उठता है कि मप्र जैसा राज्य जो पहले से ही कर्ज में डूबा हुआ है वह 40 प्रतिशत का वहन कैसे और कहां से करेगी। पहले काम का निर्धारण ग्राम पंचायतें किया करती थीं, क्योंकि स्थानीय स्तर पर काम की प्राथमिता पंचायतें समझती है, किन्तु अब काम का निर्धारण भी केन्द्र सरकार तय करेगी, यानि पंचायतों के अधिकारों पर भी सीधा हमला है।
आयोजित कार्यक्रम में किरण चौधरी, मंजू बैस, संगीता ठाकुर, प्रतिभा सोनी, अंजलि श्रीवास्तव, सावित्री वर्मा, ज्योति कैथवास, सकुन, कमल राय, बसंत मालवी व राजा राय सहित कांग्रेस के अन्य पदाधिकारी, कार्यकर्तागण व विभाग एवं प्रकोष्ठों के पदाधिकारी व कार्यकर्तागण बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
फोटो-03