आईपीएस कॉलेज में अंतर्राष्ट्रीय नशा निवारण दिवस पर किया जागरूकता कार्यक्रम
छिंदवाड़ा
25-Jun-26
छिंदवाड़ा
सामाजिक न्याय विभाग एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग के संयुक्त तत्वावधान में 26 जून अंतर्राष्ट्रीय नशा निवारण दिवस के अवसर पर आईपीएस कॉलेज में जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. जैमिनी खानवे के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ।
कार्यक्रम में ब्रह्मकुमारी आश्रम से पधारे भाईजी ने विद्यार्थियों एवं उपस्थित जनसमुदाय को नशे के दुष्प्रभावों से अवगत कराते हुए मानसिक, शारीरिक एवं सामाजिक हानियों पर विस्तार से प्रकाश डाला। साहित्यकार रमाकांत पांडे जी ने अपने विचार रखते हुए कहा कि नशा एक अभिशाप है, जो स्वस्थ समाज की अवधारणा के विपरीत है और इससे दूर रहकर ही सशक्त समाज का निर्माण संभव है। वहीं सामाजिक न्याय विभाग से वरिष्ठ कलाकार नरेन्द्र पाल ने सरकार द्वारा संचालित नशा निवारण एवं जनकल्याणकारी योजनाओं के उद्देश्यों की जानकारी दी।
कार्यक्रम का संचालन राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के कार्यक्रम अधिकारी रितेश मालवीय द्वारा किया गया। इस अवसर पर महाविद्यालय के विद्यार्थी, शिक्षकगण एवं स्टाफ उपस्थित रहे। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं में नशा न करने की जागरूकता बढ़ाना तथा स्वस्थ, सकारात्मक जीवन शैली को अपनाने के लिए प्रेरित करना रहा।