Home News Helpline Classified Jobs About Contact

संत रविदास जयंती आयोजन को लेकर सहायक आयुक्त ने ली बैठक

संत रविदास जयंती आयोजन को लेकर सहायक आयुक्त ने ली बैठक
छिंदवाड़ा
18-Aug-26
छिन्दवाडा

संत शिरोमणि गुरु रविदास जी की 650वीं जयंती के अवसर पर मध्यप्रदेश शासन के निर्देशानुसार आयोजित होने वाले श्री गुरु रविदास महाराज समरसता संकल्प अभियान एवं यात्रा की तैयारियों को लेकर आज सहायक आयुक्त जनजातीय कार्य विभाग श्री सतेन्द्र सिंह मरकाम द्वारा कार्यालय में रविदास समाज के सामाजिक बंधुओं एवं जनप्रतिनिधियों की बैठक ली गई।

बैठक में 20 अगस्त से 10 सितंबर तक आयोजित होने वाले विभिन्न कार्यक्रमों की रूपरेखा एवं तैयारियों पर विस्तार से चर्चा की गई। अभियान का मुख्य उद्देश्य संत रविदास जी के जीवन दर्शन तथा उनके द्वारा दिए गए समता, भक्ति, सेवा, सामाजिक न्याय एवं मानवता के संदेश का व्यापक प्रचार-प्रसार करना है।

बैठक में 20 अगस्त को स्थानीय राजमाता सिंधिया कन्या महाविद्यालय छिंदवाड़ा में प्रातः 11 बजे आयोजित होने वाले जिला स्तरीय कार्यक्रम की तैयारियों पर भी चर्चा की गई। कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए आवश्यक व्यवस्थाओं एवं विभिन्न विभागों तथा सामाजिक संगठनों की सहभागिता को लेकर कार्ययोजना तैयार की गई। इसके साथ ही 20 अगस्त से प्रस्तावित 20 दिवसीय रथ यात्रा के रूट चार्ट पर भी विचार-विमर्श किया गया। रथ यात्रा के दौरान विभिन्न स्थानों पर प्रमुख अतिथियों की उपस्थिति में सामाजिक, सांस्कृतिक एवं जनसंपर्क गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा।

बैठक में सहायक आयुक्त जनजातीय कार्य विभाग श्री मरकाम ने अभियान को व्यापक जनभागीदारी के साथ सफल बनाने तथा संत रविदास जी के समरसता, समानता और मानवता के संदेश को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने के लिए आवश्यक समन्वय एवं तैयारियां सुनिश्चित करने के लिये विभागीय अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
Share News On