Home News Helpline Classified Jobs About Contact

बड़ी गणेश प्रतिमा विसर्जन के लिए छोटे तालाब में बने अतिरिक्त कुंड

बड़ी गणेश प्रतिमा विसर्जन के लिए छोटे तालाब में बने अतिरिक्त कुंड
छिंदवाड़ा
27-Sep-26
पार्षद आकाश मोखलगाय ने निगम आयुक्त को सौंपा आवेदन

लगभग 28 फीट गहरे कुंड के निर्माण की मांग

छिंदवाड़ा

शहर के छोटे तालाब में बड़ी एवं भारी गणेश प्रतिमाओं के विसर्जन को लेकर अलग व्यवस्था किए जाने की मांग उठी है। वार्ड क्रमांक 14 के पार्षद आकाश मोखलगाय ने नगर पालिक निगम आयुक्त को आवेदन सौंपकर छोटे तालाब परिसर में बड़ी एवं भारी गणेश प्रतिमाओं के लिए एक अतिरिक्त एवं पृथक विसर्जन कुंड बनाए जाने का अनुरोध किया है। 

पार्षद ने प्रस्तावित कुंड की गहराई तकनीकी रूप से उपयुक्त पाए जाने पर लगभग 28 फीट रखने की मांग की है। पार्षद ने अपने आवेदन में बताया कि छोटे तालाब में प्रतिवर्ष बड़ी संख्या में गणेश प्रतिमाओं का विसर्जन किया जाता है। शहर में लगातार बड़ी एवं ऊंची गणेश प्रतिमाओं की संख्या बढ़ रही है। वर्तमान विसर्जन कुंड में हजारों छोटी-बड़ी प्रतिमाओं के विसर्जन के बाद बड़ी प्रतिमाओं के लिए पर्याप्त गहराई एवं स्थान उपलब्ध नहीं हो पाता। इससे कई बार बड़ी प्रतिमाओं का पूर्ण रूप से विसर्जन कराने में कठिनाई उत्पन्न होती है।

गोताखोरों और कर्मचारियों की सुरक्षा का भी मुद्दा 

आवेदन में बड़ी एवं भारी प्रतिमाओं के विसर्जन के दौरान आम नागरिकों के साथ-साथ गोताखोरों और निगम के संबंधित कर्मचारियों की सुरक्षा का भी उल्लेख किया गया है। पार्षद ने कहा कि भविष्य की विसर्जन व्यवस्था को अधिक सुरक्षित और व्यवस्थित बनाने के लिए बड़ी प्रतिमाओं हेतु पृथक कुंड की आवश्यकता है। उन्होंने मांग की है कि प्रस्तावित कुंड के आसपास बैरिकेडिंग, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, सुरक्षित पहुंच मार्ग, सुरक्षा इंतजाम और प्रशिक्षित गोताखोरों की पर्याप्त संख्या में व्यवस्था की जाए।

छोटी प्रतिमाओं की व्यवस्था भी रहेगी नहीं होगी प्रभावित

पार्षद के अनुसार, बड़ी प्रतिमाओं के लिए अलग विसर्जन कुंड बनाए जाने से वर्तमान कुंड में छोटी प्रतिमाओं के विसर्जन की व्यवस्था प्रभावित नहीं होगी। इससे बड़ी एवं ऊंची प्रतिमाओं के विसर्जन के लिए पृथक स्थान उपलब्ध होगा और विसर्जन प्रक्रिया को अधिक सुचारू एवं सुरक्षित तरीके से संचालित किया जा सकेगा।पार्षद आकाश मोखलगाय ने निगम आयुक्त से स्थल का तकनीकी निरीक्षण कराकर आगामी वर्षों की आवश्यकता को ध्यान में रखते हुए अतिरिक्त गहरे विसर्जन कुंड के निर्माण के लिए आवश्यक स्वीकृति एवं कार्रवाई किए जाने की मांग की है ।
Share News On