Home News Helpline Classified Jobs About Contact

माय भारत स्वयंसेवकों को दिया 6 दिवसीय अभिमुखीकरण प्रशिक्षण

माय भारत स्वयंसेवकों को दिया 6 दिवसीय अभिमुखीकरण प्रशिक्षण
छिंदवाड़ा
06-Oct-26
छिंदवाड़ा अपडेट

युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के तत्वावधान माय भारत छिंदवाड़ा द्वारा बालाघाट, सिवनी, छिंदवाड़ा और पांढुर्ना जिले के स्वयंसेवकों के लिए आयोजित 6 दिवसीय आवासीय अभिमुखीकरण प्रशिक्षण कार्यक्रम का भव्य समापन हुआ। अशोक लीलैंड ड्राइवर ट्रेनिंग इंस्टीट्यूट छिंदवाड़ा में आयोजित इस कार्यक्रम का समापन गरिमामय वातावरण में अतिथियों की मौजूदगी में किया गया।

अनुभव साझा किए, मिला प्रेरक मार्गदर्शन

समापन अवसर पर प्रतिभागी युवाओं ने 6 दिवसीय प्रशिक्षण के दौरान सीखे गए गुरों और अपने अनुभवों को साझा किया। इसके उपरांत अतिथियों ने युवाओं को संबोधित करते हुए सार्थक एवं प्रेरणादायक उद्बोधन दिया, जिसमें राष्ट्र निर्माण और सामाजिक सरोकारों में युवाओं की भूमिका पर बल दिया गया।

इन विषयों पर दिया गया प्रशिक्षण

इस आवासीय प्रशिक्षण के दौरान कुशल प्रशिक्षकों द्वारा प्रतिभागियों को कौशल विकास एवं व्यक्तित्व विकास, नेतृत्व क्षमता विकास, करियर काउंसलिंग एवं मीडिया प्रबंधन, केंद्र व राज्य सरकार की योजनाओं के बीच समन्वय, युवाओं को रचनात्मक सामाजिक कार्यों से जोड़ना, माय भारत की संगठनात्मक गतिविधियों एवं कार्यकलाप विषयों का प्रशिक्षण दिया गया।

पातालकोट भ्रमण, ग्राम सभा और स्वच्छता अभियान

6 दिनों के इस प्रशिक्षण सत्र के दौरान प्रतिभागियों को पातालकोट का शैक्षणिक भ्रमण कराया गया। इसके अलावा, 2 अक्टूबर गांधी जयंती के अवसर पर युवाओं को ग्राम सिंगोड़ी की ग्राम सभा में ले जाया गया, जहाँ उन्होंने ग्राम सभा की कार्यप्रणाली को प्रत्यक्ष रूप से समझा। इस अवसर पर स्वच्छता अभियान चलाया गया, स्वच्छता एवं नशा मुक्ति की शपथ दिलाई गई तथा पौधरोपण भी किया गया।

प्रमाण पत्र वितरण एवं सम्मान

समारोह के अंत में अतिथियों द्वारा सभी प्रतिभागियों को प्रशिक्षण पूर्ण करने पर प्रमाण पत्र वितरित किए गए। वहीं, माय भारत मप्र के राज्य निदेशक मंगल जाखड़ द्वारा पिंटू मासाब एवं अशोक लीलैंड ड्राइवर ट्रेनिंग इंस्टीट्यूट के प्रबंधक को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम के समापन समारोह में सभापति प्रमोद शर्मा, नगर निगम सभापति राहुल उइके, पार्षद सह भाजपा जिला मंत्री श्रीमती गरिमा दामोदर, माय भारत मध्य प्रदेश (भोपाल) के राज्य निदेशक  मंगल जाखड़ तथा सहायक निदेशक अभिषेक भारद्वाज बतौर अतिथि उपस्थित रहे। कार्यक्रम का सफल मंच संचालन माय भारत छिंदवाड़ा के लेखा अधिकारी/ओएसडी सी. आर. जंघेला एवं श्यामल राव द्वारा संयुक्त रूप से किया गया। राष्ट्रगान के ससम्मान गायन के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।
Share News On