Home News Helpline Classified Jobs About Contact

जनगणना 2027 के द्वितीय चरण में पूछे जाएंगे 40 प्रश्न

जनगणना 2027 के द्वितीय चरण में पूछे जाएंगे 40 प्रश्न
छिंदवाड़ा
12-Oct-26
जिला एवं चार्ज अधिकारियों के दो दिवसीय प्रशिक्षण का कलेक्टर ने किया शुभारंभ

छिन्दवाडा अपउेट

जनगणना 2027 के द्वितीय चरण के सफल एवं सुव्यवस्थित क्रियान्वयन के लिए जिला एवं चार्ज अधिकारियों का दो दिवसीय प्रशिक्षण सोमवार को नगर निगम छिंदवाड़ा के सभाकक्ष में शुरू हुआ। प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ कलेक्टर एवं प्रमुख जिला जनगणना अधिकारी हरेंद्र नारायन ने माँ सरस्वती के पूजन एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया।

प्रशिक्षण के शुभारंभ अवसर पर कलेक्टर हरेंद्र नारायन ने अधिकारियों को संबोधित करते हुए कहा कि जनगणना एक महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य है, जिसके सफल संचालन में प्रत्येक अधिकारी की भूमिका अहम है। उन्होंने सभी अधिकारियों को प्रशिक्षण को गंभीरता से लेने तथा जनगणना कार्य से संबंधित सभी प्रक्रियाओं, दायित्वों एवं तकनीकी पहलुओं को भली-भांति समझने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण के दौरान किसी भी प्रकार की शंका अथवा जिज्ञासा होने पर उसका समाधान अवश्य प्राप्त करें, ताकि जनगणना कार्य को त्रुटिरहित, पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण ढंग से संपन्न कराया जा सके।

उन्होंने अधिकारियों से अपेक्षा की कि वे प्रशिक्षण में प्राप्त जानकारी का प्रभावी उपयोग करते हुए अपने दायित्वों का जिम्मेदारीपूर्वक निर्वहन करें तथा जनगणना के निर्धारित कार्यों को समयबद्ध एवं व्यवस्थित रूप से पूर्ण कराने में सक्रिय भूमिका निभाएं। इस अवसर पर मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत अग्रिम कुमार, अपर कलेक्टर धीरेंद्र सिंह, जिला जनगणना अधिकारी एवं डिप्टी कलेक्टर पुष्पेंद्र निगम, नगर निगम आयुक्त सी.पी. राय, जनगणना जिला प्रभारी अनुज सोलंकी, सह प्रशिक्षक कैलाश साहू सहित नगरीय क्षेत्र के सभी चार्ज अधिकारी उपस्थित थे।

जिला जनगणना अधिकारी एवं डिप्टी कलेक्टर श्री निगम ने जनगणना 2027 के द्वितीय चरण की संक्षिप्त रूप रेखा प्रस्तुत की। उन्होंने बताया कि द्वितीय चरण की जनगणना का कार्य जनवरी और फरवरी माह 2027 में किया जाएगा। इस बार प्रत्येक व्यक्ति को 40 प्रश्नों के जवाब देने होंगे। द्वितीय चरण में भी स्व - गणना के लिए 15 दिनों का समय जनवरी माह में दिया जाएगा। इसमें बेघरों एवं निराश्रितों की जनगणना भी की जाएगी , जो पूरे देश में एक साथ 28 फरवरी 2026 को की जाएगी, सभी अधिकारी एक साथ मैदान में रहकर सड़कों किनारे, स्टेशनों में रहने वाले निराश्रितों की जनगणना करेंगे।

       प्रशिक्षण कार्यक्रम में जनगणना के द्वितीय चरण के अंतर्गत अधिकारियों की भूमिका, कार्यप्रणाली तथा जनगणना संबंधी विभिन्न प्रक्रियाओं के संबंध में आवश्यक जानकारी एवं मार्गदर्शन प्रदान किया जा रहा है। इस दो दिवसीय प्रशिक्षण में अधिकारियों को जनगणना कार्य के लिए आवश्यक रूप से तैयार कर कार्य के दौरान आने वाली व्यावहारिक कठिनाइयों एवं शंकाओं का निराकरण किया जाएगा।
Share News On