दीक्षा योगा क्लास में निशुल्क योग प्रशिक्षण शिविर 25 व 26 अगस्त को
छिंदवाड़ा
24-Aug-25
छिंदवाड़ा
स्वास्थ्य ही सबसे बड़ा धन है और योग ही स्वस्थ जीवन की कुंजी इसी संदेश को जन-जन तक पहुँचाने के उद्देश्य से दीक्षा योग क्लास द्वारा 2 दिवसीय निशुल्क योग प्रशिक्षण शिविर नागपुर रोड चर्च के सामने मिशन प्राथमिक शाला में 25 एवं 26 अगस्त को आयोजित किया जा रहा है। कार्यक्रम की जानकारी देते हुए दीक्षा योग क्लास की संचालक दीक्षा बिसेन ने बताया कि यह विशेष शिविर शहरवासियों एवं समाजसेवियों के लिए रखा गया है। इसमें योगाभ्यास से जुड़ी अनेक उपयोगी क्रियाएँ, आसन, प्राणायाम एवं ध्यान की विधियाँ सिखाई जाएंगी। उन्होंने कहा कि इस शिविर का मुख्य उद्देश्य अधिक से अधिक लोगों को योग से जोड़ना है ताकि लोग स्वयं स्वस्थ रहें और अपने परिवार एवं मोहल्ले को भी योग सिखाकर निरोगी समाज का निर्माण कर सकें। इस निशुल्क शिविर में सभी आयु वर्ग के लोग भाग ले सकते हैं। योगाचार्यों द्वारा सुबह और शाम दोनों सत्रों में सरल से लेकर उन्नत योगाभ्यास करवाए जाएंगे। दीक्षा बिसेन ने सभी नगरवासियों से आह्वान किया है कि वे अपने परिवारजनों एवं मोहल्ले के साथ इस 2 दिवसीय शिविर में अवश्य शामिल हों और स्वस्थ जीवन की ओर कदम बढ़ाएँ।
