एआई का उपयोग कर सरकारी शिक्षक बनेंगे स्मार्ट शिक्षक
छिंदवाड़ा
22-Aug-25
डीईओ में किया गया एआई कार्यशाला का आयोजन
छिन्दवाडा
जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय छिंदवाड़ा में आज शिक्षा के क्षेत्र में नवाचार और प्रशासनिक कार्यों की दक्षता बढ़ाने के उद्देश्य से कृत्रिम बुध्दिमत्ता (ए.आई.) कार्यशाला का आयोजन किया गया। इस कार्यशाला का उद्घाटन जिला शिक्षा अधिकारी जी.एस.बघेल द्वारा किया गया। उन्होंने शिक्षा और कार्यालयीन कार्यों में तकनीकी एकीकरण की आवश्यकता पर बल दिया तथा कहा कि ए.आई. भविष्य की चुनौतियों का सामना करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

कार्यशाला का संचालन श्री गौतम कुमार द्वारा किया गया। उन्होंने ए.आई. का परिचय देते हुए कार्यालयीन कार्यों में ए.आई. टूल्स के उपयोग, उनकी सीमाएँ, फायदे एवं नुकसान पर विस्तारपूर्वक चर्चा की। साथ ही शिक्षा के क्षेत्र में ए.आई. के व्यावहारिक अनुप्रयोगों जैसेदृ व्यक्तिगत शिक्षण सामग्री तैयार करना, छात्रों की प्रगति का आकलन करना तथा प्रशासनिक कार्यों को सरल और सुव्यवस्थित बनाने के उपाय साझा किए। सत्र के दौरान प्रतिभागियों को विभिन्न समूहों में विभाजित कर व्यावहारिक गतिविधियाँ कराई गईं, जिसमें सभी प्रतिभागियों ने सक्रिय रूप से भाग लेकर ए.आई. टूल्स का अनुभव प्राप्त किया।
इस कार्यशाला में जिले के एडीपीसी, कार्यालय के एकाउंटेंट, सभी कर्मचारी, विकासखंड शिक्षा अधिकारी, बीआरसीसी तथा जिले के वरिष्ठ प्राचार्यों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। जिला शिक्षा अधिकारी श्री बघेल ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ए.आई. को शिक्षा और कार्यालयीन कार्यों का अभिन्न अंग बनाना विद्यार्थियों और अधिकारियों दोनों के लिए एक मील का पत्थर साबित होगा। उन्होंने सभी प्रतिभागियों को शुभकामनाएँ दीं कि वे ए.आई. के उपयोग से अपने कार्यों को अधिक गुणवत्तापूर्ण और समय पर पूर्ण कर सकें। साथ ही गौतम कुमार को उत्कृष्ट मार्गदर्शन के लिए धन्यवाद भी प्रेषित किया।