Home News Business Offers Classified Jobs About Contact

भाजपा सरकार के खिलाफ कांग्रेस ने भरी हुंकार

भाजपा सरकार के खिलाफ कांग्रेस ने भरी हुंकार
छिंदवाड़ा
20-Aug-25
पूर्व सांसद नकुलनाथ व जीतू पटवारी सहित प्रदेश के वरिष्ठ नेताओं ने आंदोलन को किया संबोधित

छिन्दवाड़ा

किसान बचाओ आंदोलन में हजारों-हजार किसान व जन-जन की आवाज बनकर जिले के पूर्व सांसद नकुलनाथ गरजे तो जेल बगीचा मैदान तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा। नकुलनाथ ने जय जवान-जय किसान व इंकलाब जिंदाबाद के नारे के साथ अपना उदबोधन प्रारंभ करते हुए कहा कि यह नारा भी कांग्रेस ने ही दिया है। भारत रत्न पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की जयंती पर उन्हें शत-शत् नमन करते हुए नकुलनाथ ने कहा कि सुना था, बारिश होती है तो अच्छा ही होता है, यानि किसान भाइयों को खाद मिलने वाली है। आज हमें किसान बचाओ आंदोलन इसीलिये करना पड़ रहा है, क्योंकि भाजपा किसान भाइयों को खाद के बदले लाठियां दे रही, अपराध दर्ज कर रही है। श्री नाथ ने आजादी के पहले किसान आंदोलन के इतिहास पर भी प्रकाश डाला। 


नकुलनाथ ने अपने सारगर्भित उदबोधन में आगे कहा कि 15 माह की कांग्रेस सरकार में कमलनाथ ने मप्र के 27 लाख किसानों का कर्ज माफ किया। प्रथम चरण में छिन्दवाड़ा के 55 हजार एवं दूसरे चरण में 20 हजार से अधिक किसानों का कर्ज माफ हुआ। 40 वर्ष कमलनाथ एवं 5 वर्ष का कार्यकाल में मेरा रहा। इन वर्षों में किसान कभी खाद के लिए नहीं भटका। खाद तो छोड़ों कोरोना संक्रमण काल के दौरान पूरे विश्व में छिन्दवाड़ा ही एकमात्र ऐसा जिला था जहां ऑक्सीजन से लेकर किसी भी आवश्यक दवाइयों की कमी नहीं होने दी। अपने भाषण में उन्होंने आदिवासियों की जमीने सामान्य मद में परिवर्तित करने, युवाओं के रोजगार, लाड़ली बहनों से झूठा वादा, सिलेंडर की कीमतों में कमी और बिजली बिल के मुद्दों पर भी अपनी बात रखी। अंत में उन्होंने शासन, प्रशासन व पुलिस को चेतावनी देते हुए कहा कि आदिवासी दिवस पर आदिवासी भाइयों पर अपराध दर्ज करना, किसान भाइयों पर झूठी एफआइआर दर्ज करना बंद कर दें, क्योंकि शासन प्रशासन कितने लोगों को गिरफ्तार करेगा, हम जन-जन के सम्मान व हित के लिए गिरफ्तारी देने के लिए तैयार है।
 
किसान खेत में रो रहा है और सीएम भोपाल में सो रहा है: जीतू पटवारी

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी ने अपने संबोधन में कहा कि किसान खेत में रो रहा और सीएम भोपाल में सो रहा, किसान खाद के लिए कतार में है और भाजपा सरकार हेडलाइन में है। सांसद व कलेक्टर के बयान पर सवाल उठाते हुए कहा कि अगर पर्याप्त खाद है तो लाठियां क्यों, एफआइआर क्यों। किसान के हाथ में हल होता है, कल कांग्रेस का होगा। उन्होंने मंच से खाद चोरों कुर्सी छोड़ों के नारे लगाते हुए कहा कि 50 प्रतिशत की कमीशन वाली सरकार चल रही। यूरिया व डीएपी, लाड़ली बहनों की राशि, धान व गेहूं के समर्थन मूल्य की खरीदी में चोरी करने वाली सरकार को सवाल पूछने का अधिकार नहीं है। उन्होंने कहा कि किसानों में खुशहाली तभी आएगी जब उन्हें 3500 रुपए प्रतिक्विंटल धान, 4000 क्विंटल गेहूं का दाम मिलेगा। प्रत्येक फसल की बोवनी से पहले किसानों को 10 हजार रुपए मिलने चाहिए। 

गर्मी बढ़नी चाहिए क्योंकि प्रदेश की सरकार ठंडी है: उमंग सिंघार 

नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने आंदोलन को सम्बोधित करते हुए कहा कि गर्मी है और गर्मी बढ़नी चाहिए, क्योंकि प्रदेश की सरकार ठण्डी पड़ी है। उन्होंने भाजपा सरकार को घेरते हुए कहा कि वोट की चोरी कर भाजपा ने सरकार बनाई है। उन्होंने कहा कि मप्र में 16 लाख वोटों की चोरी हुई है जिसके प्रमाण उनके द्वारा चुनाव आयोग को प्रस्तुत किए जा चुके हैं। 24 घण्टे से अधिक का समय हो गया किन्तु अभी तक चुनाव आयोग और भाजपा ने कोई जवाब नहीं दिया है। 

कलेक्टर और सांसद भाई-भाई, आदिवासी की जमीन बेच खाई: सुनील उईके











जुन्नारदेव विधायक सुनील उइके ने सम्बोधित करते हुए कहा कि जिन्होंने किसान व नौजवानों के लिए काम किया, उनकी जयंती पर किसान खाद के लिए आंदोलन कर रहा है। कलेक्टर और सांसद भाई-भाई, आदिवासी की जमीन बेचकर खाई-खाई। सांसद कलेक्टर भाई-भाई आदिवासी भाइयों की जमीन माफियाओं के नाम करवाई। उन्होंने अंत में कहा कि कलेक्टर और सांसद का एक ही काम आदिवासियों की जमीन करो माफियाओं के नाम। इन्होंने कभी दिया नहीं लिया है, कभी सोने-चांदी में जनता को लूटा, कभी ब्याज के नाम पर लूटा। आदिवासी भाइयों की जमीनें भी इनके नाम पर खरीदी जा रही। चेतावनी देते हुए कहा कि कलेक्टर कहीं भी चले जाएं उनको यहां लाकर हिसाब लिया जाएगा। आंदोलन को पूर्व मंत्री सुश्री विजय लक्ष्मी साधो, पूर्व मंत्री लखन घंघोरिया, पूर्वमंत्री सुखदेव पांसे ने भी संबोधित किया 

कलेक्टर के नहीं आने से नाराज नेताओं ने श्वान के गले में बांधा ज्ञापन

कांग्रेस हजारों किसान भाइयों के साथ 14 सूत्रीय मांगों का ज्ञापन लेकर कलेक्ट्रेट कार्यालय पहुंचे। तकरीबन एक घण्टे तक नकुलनाथ एवं जीतू पटवारी के नेतृत्व में कलेक्ट्रेट गेट पर कांग्रेस के जनप्रतिनिधियों, कार्यकर्ताओं एवं किसान भाइयों ने जमकर नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन किया। कलेक्टर ज्ञापन लेने नहीं पहुंचे तो किसान भाइयों एवं कांग्रेस के जनप्रतिनिधियों ने श्वान के गले में ज्ञापन बांध दिया। 

आयोजित आंदोलन को जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष विश्वनाथ ओकटे, पांढुर्ना विधायक जतन उइके, चौरई विधायक सुजीत चौधरी, सौंसर विधायक विजय चौरे, परासिया विधायक सोहन वाल्मीकी, पांढुर्ना विधायक निलेश उइके ने भी सम्बोधित किया। मंच संचालन पांढुर्ना जिला प्रभारी गंगाप्रसाद तिवारी ने किया, आभार प्रदर्शन जिला कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष गोविंद राय ने किया। आयोजित आंदोलन में जिला महिला कांग्रेस, शहर कांग्रेस, किसान कांग्रेस, युवक कांग्रेस, एनएसयूआई, कांग्रेस झुग्गी झोपड़ी प्रकोष्ठ व कांग्रेस सेवादल सहित कांग्रेस के समस्त विभाग, प्रकोष्ठ व अनुसांगिक संगठनों के जिलाध्यक्षगण व हजारों की संख्या में किसान भाई उपस्थित रहे।

Share News On