किसानों को भड़काने का प्रयास कर रहे कमलनाथ व नकुलनाथ: संजय सक्सेना
छिंदवाड़ा
18-Aug-25
अवसरवादी राजनीति के कारण तीन पीढ़ियों का भविष्य हुआ अंधकारमय
छिंदवाड़ा
कांग्रेस के किसान आंदोलन को भड़काने वाला प्रयास करार देते हुए भाजपा किसान मोर्चा के प्रदेश मंत्री संजय सक्सेना ने इसे कोरी अवसरवादी राजनीति कहा है। उन्होंने कहा कि जब भी दिल्ली से उनके बड़े नेता का आदेश आता है तो, कांग्रेस कृषि क्षेत्र में हुए भारी विकास की वजह से उत्पन्न संसाधनों की बढ़ती मांग या अनियमित मौसम की मार से आई विपदाओं में भी, अपनी राजनीति करने का अवसर ढूंढने लगते हैं।

सोमवार को उन्होंने प्रेस विज्ञप्ति जारी करते हुए कहा कि 60 साल से अधिक समय तक देश और प्रदेश में कांग्रेस की सरकारें रही लेकिन किसानों के भलाई के लिए उन्होंने कभी काम नहीं किया गया। आज भाजपा सरकार में प्रधानमंत्री ग्राम सड़क, खेत में 10 घंटे एवं बस्तियों में 20 घंटे अनवरत विद्युत प्रदाय, कृषकों को बिजली बिलों में 75 प्रतिशत से अधिक का अनुदान, तालाबों नहरों से सिंचाई का लगातार बढ़ता रकबा, लघु सीमांत कृषकों के लिए कपिलधारा कूप निर्माण, बलराम तालाब निर्माण जैसी किसान हित की योजनाएं चलाई जा रही हैं। इसके अलावा फसलों के न्यूनतम समर्थन मूल्य में कुल लागत का 50 प्रतिशत फायदा जोड़कर मूल्य निर्धारण एवं उनमें प्रतिवर्ष वृद्धि, अनेक फसलों की समर्थन मूल्य पर रिकॉर्ड तोड़ खरीदी, पेट्रोल में 20 प्रतिशत मक्का, गन्ना, चावल आदि से बनने वाले इथेनॉल को मिलाना अनिवार्य कर उनके भावों में सुधार, अधिक से अधिक उन्नत कृषि यंत्रों पर भारी अनुदान प्रदाय एवं उनकी पारदर्शी आवंटन व्यवस्था की जा रही है।
सभी प्रकार के रासायनिक उर्वरकों की उपलब्धता में वृद्धि एवं प्रति बोरी 1000 से 2000 तक का अनुदान, केंद्र एवं राज्य सरकारों द्वारा प्रदान की जाने वाली किसान सम्मान निधि, गौपालन को बढ़ावा, दूध पर प्रति लीटर 5 रुपए अनुदान, गौशालाओं में 40 रुपए प्रतिदिन प्रति पशु आर्थिक सहायता, सहित अनेकानेक योजनाएं चलाई जा रही हैं। जिला भाजपा नेतृत्व, जिला प्रशासन, किसान मोर्चा, किसान संघ आदि संगठनों की सक्रियता एवं सहयोग से, यूरिया खाद की सुचारू आपूर्ति के प्रयास लगातार जारी हैं। भाजपा नेतृत्व के प्रयासों से गत् वर्ष दोनों जिलों मंे लगभग 97 हजार टन यूरिया की तुलना में इस वर्ष अब तक 1 लाख 14 हजार टन यूरिया बुलवायी जा चुकी है।
उन्होंने कहा हमें विश्वास है कि कांग्रेस की गैर जिम्मेदाराना एवं ओछी राजनीति को जिले के जागरूक एवं मेहनतकश किसान भाई समझेंगे एवं उनकी बातों में नहीं आकर शासन प्रशासन का सहयोग लेकर, अपने आवश्यक कृषि कार्यों को समय पर संपन्न करने में अपना ध्यान केंद्रीय करेंगे एवं किसान हितैषी भाजपा सरकारों के विरुद्ध, अपनी राजनीतिक रोटियों को सेंकने के लिए किए जा रह रहे किसी विपक्षी दलों के आंदोलन का हिस्सा नहीं बनेंगे।