परासिया के श्री राम मंदिर में धूमधाम से मनेगा विश्वकर्मा पूजनोत्सव
छिंदवाड़ा
16-Sep-26
सांसद और विधायक होंगे शामिल, धार्मिक व सांस्कृतिक कार्यक्रमो की रहेगी धूम

छिंदवाड़ा/परासिया
प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी आदि सृष्टि के रचयिता भगवान श्री विश्वकर्मा जी का पूजन-अर्चन कार्यक्रम 17 सितम्बर गुरुवार को श्री राम मंदिर प्रांगण परासिया में बड़े धूमधाम के साथ आयोजित किया जा रहा है। आयोजन समिति ने सभी धर्मप्रेमी बंधुओं को सपरिवार आमंत्रित किया है।
समिति से मिली जानकारी के अनुसार समिति द्वारा दिनभर विविध धार्मिक व सांस्कृतिक कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार की गई है जिसमें सुबह 10 बजे सुहागन सौभाग्य पूजा (पंडित जी द्वारा), 5 से 15 वर्ष के बच्चों के लिए 11 बजे आर्ट एण्ड क्राफ्ट प्रतियोगिता, दोपहर 12.30 बजे शोभायात्रा, अपरान्ह 4 बजे हवन पूजन किया जाएगा।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में सांसद विवेक बंटी साहू एवं परासिया विधायक सोहन लाल वाल्मिक कार्यक्रम अध्यक्ष के रूप में उपस्थित रहेंगे। आयोजन में डॉ. रमेश विश्वकर्मा, श्याम विश्वकर्मा, रामनाथ विश्वकर्मा, महेन्द्र विश्वकर्मा, सुनील विश्वकर्मा, डॉ. मदन विश्वकर्मा, बाबू नंदन विश्वकर्मा, पुष्पा विश्वकर्मा, बसंत विश्वकर्मा (अध्यक्ष, अमरवाड़ा) तथा निक्की विश्वकर्मा (अध्यक्ष, बिछुआ-खमरा) विशेष अतिथि के रूप में मौजूद रहेंगे। शाम 5 बजे 10वीं एवं 12वीं में न्यूनतम 75 प्रतिशत अंक लाने वाले विद्यार्थियों का सम्मान, भोजन प्रसादी शाम 6 बजे से रात्रि 10 बजे तक किया जाएगा। इसी के साथ शाम 7.30 बजे से भजन संध्या का कार्यक्रम भी साथ-साथ चलेगा।
कार्यक्रम संयोजन अनिल विश्वकर्मा (चांदामेटा) द्वारा किया जा रहा है। समारोह के मुख्य आकर्षण में आदिवासी भाइयों द्वारा ढोल प्रस्तुति पर पारंपरिक शैला नृत्य, आतिशबाजी एवं हरियाली महोत्सव (महिलाओं के लिए झूला-झूलना), विश्वकर्मा ब्रदर्स परासिया द्वारा रंगारंग जागरण कार्यक्रम, दुर्गा वाहिनी सेना (श्रीमती किरण शर्मा ग्रुप) द्वारा तलवार-लाठी प्रदर्शन एवं गिरिश विश्वकर्मा रामायणी (कथावाचक) की प्रस्तुति होगी। आयोजन समिति से जुड़े सभी कार्यकर्ताओं ने अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर कार्यक्रम को सफल बनाने की अपील की है।