नगर निगम द्वारा अतिक्रमण के विरूद्ध कार्रवाई जारी, फुटपाथ से हटाई गई गुमठियां
छिंदवाड़ा
30-Dec-25
छिंदवाड़ा
नगर निगम आयुक्त सी.पी. राय के निर्देशानुसार मंगलवार को नगर के विभिन्न क्षेत्रों में अतिक्रमण के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की गई। नगर निगम के अतिक्रमण निरोधक दस्ते द्वारा अस्थायी रूप से बांसदृबल्ली लगाकर बाजारों एवं सड़कों पर किए जा रहे अतिक्रमण को हटाया गया।
कार्रवाई के दौरान योजना कार्यालय बड़वन, ईएलसी चौक से पवार होटल, नागपुर रोड, फव्वारा चौक, इतवारी बाजार, फल-फूल बाजार, बस स्टैंड से एसबीआई बैंक तक फुटपाथों पर लगी गुमठियों को हटाया गया। इस दौरान अतिक्रमण में प्रयुक्त बांसदृबल्ली को जब्त किया गया।
नगर निगम प्रशासन ने बताया कि फेरीवाले एवं अन्य दुकानदार जो बाजार या सड़क किनारे रोजमर्रा का सामान विक्रय करते हैं, वे नियमानुसार ही व्यवसाय करें तथा किसी भी प्रकार का स्थायी या अस्थायी अतिक्रमण न करें। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि शहर में सुचारू यातायात एवं आम नागरिकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए अतिक्रमण विरोधी कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।