Home News Business Offers Classified Jobs About Contact

बारिश और आंधी-तूफान के बीच विद्युत विभाग ने जारी की सुरक्षा एडवाइजरी

बारिश और आंधी-तूफान के बीच विद्युत विभाग ने जारी की सुरक्षा एडवाइजरी
छिंदवाड़ा
02-Jul-26
छिन्दवाडा 

जिले में लगातार हो रही बारिश, आंधी-तूफान और खराब मौसम को देखते हुए म.प्र. पूर्व क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी लिमिटेड के कार्यपालन अभियंता ने आमजन से विशेष सतर्कता बरतने की अपील की है। विभाग ने कहा है कि विद्युत लाइनों, ट्रांसफार्मरों, स्टे वायर और बिजली के खंभों से सुरक्षित दूरी बनाए रखें, क्योंकि मौसम के दौरान लीकेज करंट, तार टूटने और अन्य विद्युत दुर्घटनाओं की आशंका बढ़ जाती है।

      विभाग ने नागरिकों से अपील की है कि बिजली की लाइनों और उपकरणों से किसी प्रकार की छेड़छाड़ न करें। यदि आंधी-तूफान के कारण बिजली के तार या खंभे टूटे हुए दिखाई दें तो उनकी तत्काल सूचना टोल फ्री नंबर 1912 या निकटतम वितरण केंद्र को दें तथा जमीन पर पड़े तारों को छूने या पार करने का प्रयास बिल्कुल न करें।

      विद्युत विभाग ने लोहे की चादर वाले पान ठेलों और दुकानों में सुरक्षित पीवीसी पाइप के माध्यम से वायरिंग कराने, बारिश के दौरान बिजली के खंभों एवं स्टे वायर के पास जलभराव वाले स्थानों से सावधानीपूर्वक गुजरने तथा बच्चों और मवेशियों का विशेष ध्यान रखने की सलाह दी है। साथ ही मवेशियों को बिजली के खंभों या स्टे वायर से न बांधने और कपड़े सुखाने के लिए बिजली के खंभों या सर्विस लाइन पर लोहे का तार अथवा रस्सी नहीं बांधने की हिदायत दी गई है।

       विभाग ने घरों में लीकेज करंट, खराब वायरिंग या विद्युत उपकरणों की मरम्मत केवल प्रशिक्षित इलेक्ट्रिशियन से कराने, बच्चों की पहुंच से बिजली के स्विच और उपकरण दूर रखने तथा वर्ष में कम से कम एक बार वायरिंग, फिटिंग और अर्थिंग की जांच कराने की भी सलाह दी है।

       इसके अलावा विद्युत लाइनों के नीचे या समीप स्थायी अथवा अस्थायी निर्माण नहीं करने, फसलों का भंडारण बिजली के तारों, खंभों और ट्रांसफार्मरों के पास नहीं करने तथा खेतों में विद्युत उपयोग के लिए कटी-फटी डोरी का प्रयोग नहीं करने की अपील की गई है।

      विद्युत विभाग ने बताया कि किसी भी आपातकालीन स्थिति में उपभोक्ता 24×7 संचालित टोल फ्री नंबर 1912 पर शिकायत दर्ज करा सकते हैं। वहीं छिन्दवाडा के शहरी क्षेत्र में विद्युत संबंधी समस्या के लिये पूर्व से ही कॉल सेंटर नंबर क्रियाशील है, जिसके अंतर्गत शहरी क्षेत्र नगर वितरण केन्द्र के लिये कॉल सेंटर नंबर- 9425807543/ दूरभाष नंबर- 07162-222131, चंदनगांव वितरण केन्द्र के लिये कॉल सेंटर नंबर - 9425807540/9425807542 एवं जिला छिन्दवाडा के संपूर्ण क्षेत्र हेतु कॉल सेंटर (24x7) नंबर 1912 है, जहां विद्युत संबंधी समस्याओं की सूचना दी जा सकती है।
Share News On