शहीद मेजर अमित ठेंगे के 16वें शहादत दिवस पर मेधावी विद्यार्थियों का किया सम्मान
छिंदवाड़ा
13-Jul-26
कलेक्टर बोले- मेजर अमित ठेंगे आज के युवाओं के रोल मॉडल, एसपी ने किया वीर शहीद को नमन

छिंदवाड़ा
शहीद मेजर अमित ठेंगे के 16वें शहादत दिवस पर सोमवार को शहीद मेजर अमित ठेंगे स्मृति समिति द्वारा होटल देव इंटरनेशनल में छात्र-छात्रा प्रतिभा सम्मान एवं अलंकरण समारोह-2026 का आयोजन किया गया। समारोह में माध्यमिक शिक्षा मंडल की हाईस्कूल एवं हायर सेकेंडरी परीक्षा-2026 में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले जिले के मेधावी छात्र-छात्राओं को प्रशस्ति पत्र एवं स्मृति चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया गया।
मुख्य अतिथि कलेक्टर हरेंद्र नारायण ने कहा कि शहीद मेजर अमित ठेंगे का जीवन युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत है। उन्होंने विद्यार्थियों से कठिन परिश्रम, अनुशासन और राष्ट्र सेवा की भावना के साथ आगे बढ़ने का आह्वान करते हुए कहा कि प्रतिभा और मेहनत ही सफलता की वास्तविक पहचान हैं।
कार्यक्रम की अध्यक्षता पुलिस अधीक्षक अजय पांडे ने की। उन्होंने शहीद मेजर अमित ठेंगे को नमन करते हुए कहा कि देश की रक्षा के लिए उनका सर्वाेच्च बलिदान सदैव प्रेरणा देता रहेगा। विशिष्ट अतिथि राजा शंकरशाह विश्वविद्यालय के कुलगुरु प्रो. इन्द्र प्रसाद त्रिपाठी ने युवाओं से सत्य, समर्पण और कठिन परिश्रम के मार्ग पर चलकर समाज और राष्ट्र निर्माण में योगदान देने का आग्रह किया।
समारोह में एडीएम सुधीर जैन, 24वीं बटालियन के विंग कमांडेंट कर्नल वेणु, जिला सैनिक कल्याण अधिकारी देवेंद्र सिंह तोमर, शिक्षाविद् डॉ. विजया यादव, बी. अनुराधा नायडू, समाजसेवी पिंकेश पटोरिया जैन तथा शहीद मेजर अमित ठेंगे के पिता मधुकर राव ठेंगे सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान हाईस्कूल एवं हायर सेकेंडरी के उत्कृष्ट विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। बड़ी संख्या में अभिभावक, शिक्षक और नागरिक समारोह में शामिल हुए। इस अवसर पर लाल बहादुर शास्त्री समिति के प्रमुख एवं सांसद विवेक बंटी साहू के पिता नरेंद्र साहू ने भी शहीद मेजर अमित ठेंगे के पिता मधुकर राव ठेंगे का शाल-श्रीफल भेंटकर सम्मान किया। कार्यक्रम का संचालन शिक्षिका साजिदा खान ने तथा आभार प्रदर्शन शिक्षाविद् विनोद तिवारी ने किया।