कमलनाथ ने पेयजल टैंकर उपलब्ध कराने उद्योगपतियों से किया आग्रह
राजनीति
29-Jun-26
छिन्दवाड़ा
पेयजल संकट से गुजर रहे छिन्दवाड़ा के लिए मप्र के पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने देश के प्रतिष्ठित छह औघोगिक घरानों को पत्र लिखकर वर्तमान पेयजल संकट से अवगत कराते हुए अविलम्ब पेयजल सप्लाई हेतु पेयजल टैंकर उपलब्ध कराने का आग्रह किया है ताकि उन क्षेत्रों में सुगमता से नियमित शुद्व पेयजल प्रदाय किया जा सके। श्री नाथ ने जिन कंपनियों के प्रमुखों को पत्र लिखा है उनमें रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेड, महिन्द्रा एंड महिन्द्रा, बजाज ऑटो लिमिटेड कम्पनी, हीरो मोटर कॉर्पर लिमिटेड कम्पनी, आईटीसी एवं भारती एंटरप्राइजेज प्रमुख है।
जिला मुख्यालय छिन्दवाड़ा की गम्भीर व विकराल जल समस्या को देखते हुए पूर्व मुख्यमंत्री व विधायक कमलनाथ ने मुकेश अम्बानी चेयरमेन एंड मैनेजिंग डायरेक्टर रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेड, डॉ. अनीश शाह ग्रुप सीइओ व एमडी महिन्द्रा एंड महिन्द्रा, राजीव बजाज एमडी व सीइओ बजाज ऑटो लिमिटेड, पवन मुंजाल चेयरमेन एवं सीइओ हीरो मोटो कॉर्प लिमिटेड, संजीव पुरी चेयरमेन व मैनेजिंग डॉयरेक्टर आईटीसी लिमिटेड एवं सुनील भारती मित्तल भारती एंटरप्राइजेज के चेयरमेन ग्रुप सीईओ को प्रथक-प्रथक पत्र लिखकर छिन्दवाड़ा में गहराए पेयजल संकट से अवगत कराते हुए जिले के नागरिकों तक शुद्ध पेयजल सप्लाई हेतु पानी के टैंकर उपलब्ध कराने का आग्रह किया है।
श्री नाथ ने अपने पत्र में लिखा कि सबसे ज्यादा प्रभावित इलाकों में पीने का पानी पहुंचाने के लिए तत्काल राहत के तौर पर पानी के टैंकरों की व्यवस्था कर रहा हूं। आपकी प्रतिष्ठित कम्पनियां सीएसआर कार्यक्रम के तहत प्रभावित क्षेत्रों के लिए पानी के टैंकर उपलब्ध कराती हैं तो यह जनहित में सार्थक पहल होगी। अगर रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेड से 30, बजाज ऑटो लिमिटेड 30, महिन्द्रा एंड महिन्द्रा से 30 पानी के टैंकर, हीरो मोटो कॉर्प लिमिटेड 20 पानी के टैंकर, आईटीसी लिमिटेड 30 टैंकर एवं भारती एंटरप्राइजेज 30 टैंकर उपलब्ध कराने का विनम्र आग्रह किया है। सहयोग के लिए प्रतीक के तौर पर सभी टैंकरों पर प्रतिष्ठित कम्पनियों के लोगो व सीएसआर संदेश प्रमुखता से दिखाए जा सकते हैं। इससे कम्पनियों की सामुदायिक कल्याण के प्रति प्रतिबद्धता भी दिखेगी और प्रचार भी होगा।