Home News Helpline Classified Jobs About Contact

स्वास्थ्य विभाग ने बताए मौसमी बुखार से बचने के उपाए

स्वास्थ्य विभाग ने बताए मौसमी बुखार से बचने के उपाए
स्वास्थ्य
23-Sep-26

स्वास्थ्य अधिकारी डॉ अर्चना कैथवास जारी की एडवायरी

छिन्दवाडा

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अर्चना कैथवास ने नागरिकों से सीजनल इन्फ्लूएंजा (मौसमी फ्लू) के प्रति सतर्क रहने और आवश्यक सावधानियां अपनाने की अपील की है। उन्होंने बताया कि मौसम में बदलाव के दौरान सांस संबंधी संक्रमणों का खतरा बढ़ जाता है, लेकिन व्यक्तिगत स्वच्छता एवं सतर्कता बरतकर इसके प्रसार को प्रभावी रूप से रोका जा सकता है।

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ.कैथवास ने बताया कि सीजनल इन्फ्लूएंजा के प्रमुख लक्षणों में अचानक तेज बुखार (100.4 डिग्री फारेनहाइट या अधिक), सर्दी, खांसी, गले में खराश, सिरदर्द, शरीर एवं मांसपेशियों में दर्द, अत्यधिक थकान तथा सांस लेने में तकलीफ शामिल हैं। उन्होंने नागरिकों को सलाह दी कि वे नियमित रूप से साबुन और पानी से हाथ धोएं, खांसते या छींकते समय मुंह और नाक को टिश्यू पेपर अथवा कोहनी से ढकें तथा भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों एवं सार्वजनिक स्थानों पर मास्क का उपयोग करें। बीमार व्यक्तियों से सीमित संपर्क रखें और स्वयं अस्वस्थ होने पर घर पर रहकर आइसोलेशन का पालन करें। पोल्ट्री व्यवसाय अथवा पक्षियों के संपर्क में रहने वाले व्यक्तियों को विशेष सावधानी बरतने तथा किसी भी प्रकार के लक्षण दिखाई देने पर तत्काल चिकित्सकीय परामर्श लेने की सलाह दी गई है। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक स्थानों पर थूकने से बचें, बिना हाथ धोए आंख, नाक और मुंह को न छुएं तथा बीमारी की स्थिति में सार्वजनिक या बंद स्थानों पर आयोजित सभाओं में शामिल न हों। किसी भी प्रकार की दवा चिकित्सक की सलाह के बिना स्वयं न लें।


मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ.कैथवास ने बताया कि पांच वर्ष से कम आयु के बच्चे, 65 वर्ष से अधिक आयु के बुजुर्ग, गर्भवती महिलाएं, मोटापे से ग्रसित व्यक्ति तथा डायबिटीज, अस्थमा, सीओपीडी, हृदय, लिवर अथवा किडनी संबंधी गंभीर बीमारियों से पीड़ित लोग संक्रमण के प्रति अधिक संवेदनशील होते हैं। ऐसे लोगों को विशेष सतर्कता बरतने की आवश्यकता है। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ.कैथवास ने आमजन से अपील की है कि यदि परिवार के किसी सदस्य में सांस लेने में कठिनाई, गंभीर कमजोरी अथवा लगातार तेज बुखार जैसे लक्षण दिखाई दें, तो घबराएं नहीं और बिना विलंब निकटतम स्वास्थ्य केंद्र या चिकित्सक से संपर्क कर आवश्यक उपचार प्राप्त करें।
Share News On