एफडीडीआई में चार दिवसीय ओरिएंटेशन कार्यक्रम का हुआ समापन
शिक्षा
17-Jul-26
कलेक्टर श्री नारायन ने विद्यार्थियों को श्रेष्ठ प्रदर्शन करने के लिए किया प्रेरित

छिन्दवाडा
फुटवियर डिज़ाइन एंड डेवलपमेंट इंस्टीट्यूट (एफ.डी.डी.आई.), छिंदवाड़ा में नवप्रवेशित विद्यार्थियों के लिए आयोजित चार दिवसीय ओरिएंटेशन कार्यक्रम का शुक्रवार को सफलतापूर्वक समापन हुआ। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि कलेक्टर हरेंद्र नारायन एवं विशिष्ट अतिथि जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी अग्रिम कुमार थे।
कार्यक्रम का शुभारंभ एफ.डी.डी.आई. छिंदवाड़ा के कार्यकारी निदेशक राकेश शर्मा के स्वागत उद्बोधन से हुआ। उन्होंने अतिथियों का स्वागत करते हुए विद्यार्थियों को संस्थान में संचालित उद्योगोन्मुखी पाठ्यक्रमों, कौशल आधारित शिक्षा तथा रोजगार एवं उद्यमिता की व्यापक संभावनाओं की जानकारी दी। साथ ही विद्यार्थियों से अपने शैक्षणिक जीवन का पूर्ण समर्पण के साथ लाभ उठाने का आह्वान किया।
मुख्य अतिथि कलेक्टर श्री नारायन ने अपने संबोधन में एफ.डी.डी.आई. की व्यावसायिक एवं उद्योगोन्मुखी शिक्षा की विशेषताओं पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यहां से शिक्षा प्राप्त करने के बाद विद्यार्थी निजी उद्योगों के साथ-साथ विभिन्न शासकीय सेवाओं एवं प्रतियोगी परीक्षाओं में भी बेहतर अवसर प्राप्त कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि सफलता केवल प्रशासनिक अधिकारी बनने तक सीमित नहीं है, बल्कि समर्पण, कौशल और परिश्रम से हर क्षेत्र में उत्कृष्ट उपलब्धियां हासिल की जा सकती हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को अपनी रुचि के क्षेत्र में श्रेष्ठ प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर विद्यार्थियों ने ग्रुप डांस, सोलो डांस, गायन एवं अन्य सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर सभी का मन मोह लिया। कार्यक्रम के समापन पर प्रतिभागियों को प्रमाण-पत्र वितरित किए गए तथा अतिथियों ने उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। चार दिवसीय ओरिएंटेशन कार्यक्रम का समापन उत्साह, प्रेरणा और नई ऊर्जा के साथ हुआ। इस कार्यक्रम के माध्यम से नवप्रवेशित विद्यार्थियों को संस्थान की शैक्षणिक संस्कृति, अनुशासन तथा भविष्य की संभावनाओं से परिचित कराया गया।