राम मंदिर चढ़ावा चोरी पर कांग्रेस धर्म एवं मंदिर पुजारी प्रकोष्ठ ने सौंपा ज्ञापन
राजनीति
29-Jun-26
छिन्दवाड़ा
राम मंदिर से चंदा व चढ़ावे की चोरी की निष्पक्ष न्यायिक जांच, दोषियों पर ठोस कार्रवाई के साथ ही मंदिर से चुराई गई सम्पूर्ण सामग्री को यथाशीघ्र बरामद कर पुनरू मंदिर तक पहुंचाने की मांग को लेकर जिला कांग्रेस धर्म एवं मंदिर पुजारी प्रकोष्ठ ने राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन कलेक्ट्रेट पहुंचकर सौंपा। चंद लोगों पर अपराध पंजीबद्ध कर सम्पूर्ण प्रकरण और बड़े चंदा चोरों को सुरक्षित करना धार्मिक भावनाओं को आहत किया है।
जिला कांग्रेस धर्म एवं मंदिर पुजारी प्रकोष्ठ ने कलेक्ट्रेट में प्रस्तुत ज्ञापन के माध्यम से राष्ट्रपति से मांग की है कि अयोध्या स्थित श्रीराम जन्मभूमि मंदिर चढ़ावे की चोरी के पूरे प्रकरण की उच्च स्तरीय न्यायिक जांच की जाए। जांच समय सीमा में पूरी कर दोषियों पर ठोस कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। राम मंदिर करोड़ों देशवासियों की आस्था, श्रद्धा और विश्वास का केन्द्र है। ऐसे पवित्र धार्मिक स्थल पर श्रद्धालुओं द्वारा अर्पित चढ़ावे में चोरी एवं वित्तीय अनियमितता की घटना अत्यंत गंभीर व दुर्भाग्यपूर्ण है। इस मामले में पुलिस द्वारा एफआईआर दर्ज किया जाना स्वयं इसकी गम्भीरता को दर्शाता है। यह घटना न केवल करोड़ों श्रद्धालुओं की धार्मिक भावनाओं को आहत करती है बल्कि मंदिर प्रबंधन की पारदर्शिता पर भी सवाल खड़ा करती है।
ज्ञापन प्रस्तुत करते समय प्रकोष्ठ प्रभारी पप्पू यादव, अध्यक्ष धर्म एवं मंदिर पुजारी प्रकोष्ठ समन द्विवेदी, नितिन उपाध्याय, किशोर चौरसिया, मुकेश उपाध्याय सहित बड़ी संख्या में प्रकोष्ठ के पदाधिकारी व कार्यकर्तागण उपस्थित रहे।