Home News Business Offers Classified Jobs About Contact

कलेक्टर शीलेन्द्र सिंह ने पोनारी में बच्चों को बांटे गिफ्ट

कलेक्टर शीलेन्द्र सिंह ने पोनारी में बच्चों को बांटे गिफ्ट
छिंदवाड़ा
14-Jul-25
छिंदवाड़ा                 

शिक्षक विद्यालय में छात्रों को शिक्षा के साथ संस्कार भी प्रदाय करें आपका विद्यालय आपका आईना है। विकासखण्ड मोहखेड़ के प्राथमिक शाला पौनारी जैसे छोटे से ग्राम में शिक्षकों द्वारा किये जा रहे शानदार प्रयासों से पौनारी को एक अलग ही पहचान मिली है । पौनारी ग्राम के ग्रामवासी भी विद्यालय के साथ कुछ ऐसे विशेष कार्य करें जिससे कि पौनारी ग्राम को जिला नहीं बल्कि प्रदेश स्तर पर एक अलग पहचान मिले। इस विद्यालय के छात्र खूब पढ़े और उच्च पदों पर आसीन होकर समाज के लिए बेहतर कार्य करते हुए पौनारी ग्राम का नाम रोशन करें।" उक्त उद्गार कलेक्टर श्री शीलेन्‍द्र सिंह द्वारा विकासखंड मोहखेड़ के शासकीय प्राथमिक शाला पौनारी में विगत दिवस छात्रों के उपहार वितरण कार्यक्रम में व्यक्त किए गए।

ज्ञातव्य हो कि विकासखंड मोहखेड़ के अंतर्गत शासकीय प्राथमिक शाला पौनारी में विगत 2004-05 से उपहार योजना के अंतर्गत निरंतर विद्यालय के प्रधानपाठक श्री आशुतोष तिवारी एवं साथी शिक्षक श्री गोपाल बरकोरिया के विशेष प्रयासों के चलते छात्रों के लिए उपहार जुटाए जा रहे हैं। इस अवसर पर विकासखण्ड शिक्षा अधिकारी श्री डब्ल्यू.आर.खापरे एवं विकासखण्ड स्त्रोत समन्वयक श्री संगीत जैन द्वारा पौनारी विद्यालय सहित विकासखंड मोहखेड़ की शिक्षा संबंधी जानकारी प्रस्तुत की गई। कार्यक्रम का कुशल संचालन मोहखेड़ अकादमिक समन्वयक श्री अरविंद भट्ट द्वारा किया गया।

कलेक्टर श्री शीलेन्‍द्र सिंह के हस्ते विद्यालय के छात्र-छात्राओं को विभिन्न उपहारदाताओं के सहयोग से प्राप्त स्कूल बैग, कॉपियों के सेट, कंपास बॉक्स, वॉटर बॉटल, टिफिन, आई कार्ड, टाई, शिक्षण सामग्री, लोअर, स्कूल के नाम लिखी हुई टी-शर्ट, जूते-मोजे, सीलिंग फैन एवं दो बड़े ट्रंक आदि वितरित किए गए। साथ ही विद्यालय के शिक्षक श्री आशुतोष तिवारी एवं श्री गोपाल बरकोरिया सहित उपहारदाता श्री संजय मोहोड़, श्री रविन्द्र वाडेकर, श्री मुकेश शुक्ला, सुश्री वैष्णवी श्रीवास्तव आदि का भी पुष्पमाला पहनाकर स्वागत किया गया।

कार्यक्रम में मुख्य रूप से सरपंच श्री भूरुप्रसाद इवनाती, संकुल प्राचार्य लिंगा श्री सुनील नासेरी, प्रभारी प्राचार्य बीसापुरकला श्री भगवान सिंह उइके, प्रभारी प्राचार्य शिकारपुर सुश्री माधवी इंगोले, उच्च माध्यमिक शिक्षक श्री धीरेंद्र दुबे, जनशिक्षक श्रीमती पुष्पा कराड़े, श्री संतोष डोंगरे, श्री रामभगत चौरिया एवं श्री जयसिंह चौरिया, श्री संजू चौरे, श्रीमती श्वेता तिवारी, श्री रघुवीर रघुवंशी, श्री कन्हैया शर्मा, श्री संजय श्रीवास्तव, श्री संदीप बारस्कर, सुश्री रंगोली देहुलिया एवं पालक तथा ग्रामीणजन उपस्थित रहे। प्रधान पाठक श्री आशुतोष तिवारी द्वारा कलेक्टर श्री सिंह एवं सभी उपहारदाताओं के प्रति आभार व्यक्त किया गया। विद्यालय में प्रतिदिन छात्रों को छ:मिनट का ध्यान भी नियमित रूप से कराया जाता है तथा समय-समय पर सभी राष्ट्रीय एवं धार्मिक त्यौहारों का आयोजन कर उनके महत्व और त्यौहार से प्राप्त होने वाली शिक्षा की जानकारी भी प्रदाय की जाती है।
Share News On