कलेक्टर और एसपी ने किया फुटबॉल मैदान का निरीक्षण
खेल
17-Jul-26
छिन्दवाडा

जिला ओलम्पिक स्टेडियम में संचालित विभिन्न खेल मैदान व निर्माणाधीन फुटबॉल मैदान का निरीक्षण शुक्रवार को कलेक्टर एवं अध्यक्ष जिला ओलम्पिक संघ हरेंद्र नारायन द्वारा किया गया। निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक अजय पाण्डेय एवं सीईओ जिला पंचायत अग्रिम कुमार भी उनके साथ थे।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर श्री नारायन ने 43 लाख रूपये की लागत से बन रहे फुटबॉल मैदान का विधिवत मापदंड अनुसार गुणवत्तापूर्ण निर्माण करने के संबंध में निर्माण एजेंसी को आवश्यक दिशा - निर्देश दिये। उन्होंने ओलम्पिक परिसर में संचालित बास्केटबॉल, बैडमिंटन, शतरंज, पावरलिफ्टिंग, कराते, वेटलिफ्टिंग सहित अन्य खेल मैदानों का भी निरीक्षण किया और खिलाड़ियों के लिए उपलब्ध व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने विभिन्न खेल संघों एवं प्रशिक्षकों द्वारा खिलाड़ियों को दिए जा रहे प्रशिक्षण के संदर्भ में एक नियमावली तैयार कर परिसर का अनुशासित व विधिवत ढंग से संचालन करने के संबंध में निर्देश दिये।
इस दौरान जिला शिक्षा अधिकारी जे.के.इडपाचे, सहायक संचालक शिक्षा डी.पी. डेहरिया, जिला खेल अधिकारी के.के.चौरसिया, नगर निगम छिंदवाड़ा के इंजीनियर हिमांशु अतुलकर, आर.आई. आशीष तिवारी, प्रताप ईवनाती सहित अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित थे।