सोमवार को श्री राम मंदिर में होगा बाबा महाकाल का अभिषेक
धर्म
09-Aug-26
नागपुर के टेकड़ी गणेश जी की बनेगी मनमोहक झांकी

छिंदवाड़ा
शहर के हृदय स्थल छोटी बाजार स्थित श्री सत्यधर्म मंडल श्री राम मंदिर ट्रस्ट द्वारा श्रावण मास के उपलक्ष्य में आयोजित विशेष धार्मिक कार्यक्रमों की श्रृंखला में सावन के दूसरे सोमवार को भव्य आयोजनों की तैयारी की गई है। इस पावन अवसर पर मंदिर परिसर में उज्जैन में विराजित बाबा महाकाल जी की प्रतीकात्मक शिवलिंग का विधि-विधान से विशेष अभिषेक किया जाएगा। इसके साथ ही श्रद्धालुओं के दर्शन हेतु नागपुर स्थित प्रसिद्ध श्री गणेश टेकड़ी मंदिर वाले गणेश जी की अत्यंत सुंदर एवं भव्य झांकी सजाई जाएगी।
सत्यधर्म मंडल श्री राम मंदिर ट्रस्ट अध्यक्ष मुकुल सोनी एवं सचिव सतीश दुबे ने जानकारी देते हुए बताया कि श्रावण मास के प्रत्येक सोमवार को विभिन्न तीर्थ स्थलों और ज्योतिर्लिंगों के प्रतिरूप का निर्माण कर अनुष्ठान किए जा रहे हैं। इसी क्रम में द्वितीय सोमवार को बाबा महाकाल के दिव्य स्वरूप का अभिषेक और सिद्धिविनायक टेकड़ी गणेश जी की आकर्षक झांकी मुख्य आकर्षण का केंद्र रहेगी। ट्रस्ट ने समस्त धर्मप्रेमी बंधुओं, माताओं-बहनों एवं श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में मंदिर प्रांगण पहुंचकर बाबा महाकाल जी के अभिषेक में शामिल होने, टेकड़ी गणेश जी की झांकी के दर्शन करने और पुण्य लाभ अर्जित करने की अपील करते हुए सभी को सादर आमंत्रित किया है।