Home News Business Offers Classified Jobs About Contact

28 जुलाई से 8 अगस्त तक भोपाल में होगी सेना भर्ती रैली

28 जुलाई से 8 अगस्त तक भोपाल में होगी सेना भर्ती रैली
नौकरियां
13-Jul-26
भर्ती रैली के लिए पात्र अभ्यर्थियों के प्रवेश पत्र जारी

छिन्दवाडा 

सेना भर्ती कार्यालय भोपाल द्वारा 28 जुलाई से 8 अगस्त 2026 तक अंतरराष्ट्रीय स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स भोपाल में सेना भर्ती रैली का आयोजन किया गया है। इस रैली में मध्यप्रदेश के 15 जिलों अशोकनगर, भोपाल, बैतूल, छिंदवाड़ा, दमोह, गुना, हरदा, नर्मदापुरम, नरसिंहपुर, पन्ना, पांढुर्णा, रायसेन, राजगढ़, सीहोर और विदिशा के पुरुष अभ्यर्थी अग्निवीर जनरल ड्यूटी, अग्निवीर तकनीकी एवं अग्निवीर ट्रेड्समैन श्रेणियों के लिए शामिल होंगे। साथ ही मध्यप्रदेश एवं छत्तीसगढ़ के सभी जिलों के अभ्यर्थियों के लिए धर्म गुरु और एजुकेशन हवलदार पदों की भर्ती रैली भी आयोजित की जाएगी।

सेना द्वारा 1 जून से 12 जून 2026 तक ऑनलाइन सामान्य प्रवेश परीक्षा (सीईई) आयोजित की गई थी। इस परीक्षा का परिणाम 12 जुलाई 2026 को जॉइन इंडियन आर्मी की आधिकारिक वेबसाइट (www.joinindianarmy.nic.in)  पर जारी कर दिया गया है। ऑनलाइन परीक्षा में सफल अभ्यर्थी शारीरिक दक्षता परीक्षा सहित भर्ती की अन्य प्रक्रियाओं में भाग ले सकेंगे।

भर्ती रैली के लिए पात्र अभ्यर्थियों के प्रवेश पत्र 13 जुलाई 2026 को उनके पंजीकृत ई-मेल पते पर भेज दिए गए हैं। अभ्यर्थियों को प्रवेश पत्र में अंकित तिथि एवं समय के अनुसार ही भर्ती स्थल पर प्रवेश दिया जाएगा। सेना भर्ती कार्यालय ने अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे भर्ती रैली में प्रवेश पत्र, रैली अधिसूचना के अनुसार सभी आवश्यक दस्तावेज तथा आधार कार्ड से लिंक मोबाइल नंबर एवं इंटरनेट कनेक्शन के साथ स्मार्टफोन अनिवार्य रूप से साथ लेकर आएं।
Share News On