Home News Business Offers Classified Jobs About Contact

सांख जटामा के प्रभारी प्राचार्य सहित 09 शिक्षकों को कारण बताओ नोटिस जारी

सांख जटामा के प्रभारी प्राचार्य सहित 09 शिक्षकों को कारण बताओ नोटिस जारी
छिंदवाड़ा
18-Aug-25
छिन्दवाडा 

जिला शिक्षा अधिकारी जी.एस.बघेल ने बताया कि विकासखंड शिक्षा अधिकारी छिंदवाड़ा एवं जिला व्यवसायिक समन्वयक, जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय द्वारा 12 अगस्त को शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सांख जटामा (संकुल उभेगांव) का आकस्मिक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण में कई शिक्षकों की गंभीर लापरवाही सामने आई। निरीक्षण के दौरान बिना अवकाश स्वीकृति के अनुपस्थित पाये गये शिक्षकों में प्रभारी प्राचार्य आनंद द्विवेदी , उच्च माध्यमिक शिक्षक श्रीमती निधि मिश्रा, प्रयोगशाला शिक्षक आई.के. बरकोरिया एवं माध्यमिक शिक्षक श्रीमती विनिता रैकवार शामिल हैं। वहीं प्रार्थना के बाद विद्यालय में देरी से पहुंचे शिक्षकों में रविशंकर धुर्वे, राजकुमार डेहरिया, चौतराम वानखेडे, दिगम्बर पराडकर, गोबर्धन बिसेन एवं रामरतन वर्मा के नाम दर्ज किये गये।

निरीक्षण में यह भी पाया गया कि प्रभारी प्राचार्य आनंद द्विवेदी ने बिना सक्षम अधिकारी की स्वीकृति के अवकाश लिया। कक्षा 11वीं व 12वीं में अंग्रेजी विषय का एक भी कालखंड नहीं पढ़ाया गया, शालेय अभिलेखों व टाइम-टेबल में अनियमितताएं पाई गईं। साथ ही जेईई एवं नीट कक्षाओं का संचालन भी नियमित रूप से नहीं किया गया और स्मार्ट बोर्ड का उपयोग बिल्कुल नहीं हुआ।

इन गंभीर लापरवाहियों को देखते हुए प्रभारी प्राचार्य के विरुद्ध अनुशासनात्मक कार्यवाही के लिये प्रस्ताव कलेक्टर श्री सिंह को भेजा जा रहा है। साथ ही संबंधित शिक्षकों को असंचयी प्रभाव से एक वेतन वृद्धि रोकने के संबंध में कारण बताओ सूचना पत्र जारी किया गया है। बिना स्वीकृति के अवकाश पर रहने वाले शिक्षकों की उस अवधि का वेतन काटने के निर्देश आहरण एवं संवितरण अधिकारी को दिये गये हैं।
Share News On